लोकसभा चुनाव से पहले ही यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की नींव रखी जा सकती है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने इसके लिए 50 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। जिससे अलीगढ़ को भी हिस्सा मिलेगा तो काम जल्द शुरू होगा। यह पैसा जल्द ही मिलने के आसार हैं।
अलीगढ़ भी डिफेंस कॉरिडोर में भी शामिल है। डिफेंस कॉरिडोर स्थापना में सक्रिय भूमिका निभा रहे फिम (फेडरेशन ऑफ इनोवेटिव मैन्युफैक्चर्स) के अध्यक्ष धनजीत वाड्रा ने कहा है कि पहली किस्त जारी होने से काम रफ्तार पकड़ेगा। जिला प्रशासन ने अलीगढ़ में पहले यमुना एक्सप्रेस वे के सहारे टप्पल में डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना का प्रस्ताव था, लेकिन शासन ने वहां की जमीन बहुत महंगी होने का हवाला देकर इस प्रस्ताव को रद कर दिया था।
अब लोधा ब्लाक के अंडला के आसपास की खाली जगह में इस कॉरिडोर की स्थापना का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश में अलीगढ़, आगरा, झांसी, चित्रकूट, कानपुर व लखनऊ में डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना की घोषणा की है। गुजरी 11 अगस्त 2018 को रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण व सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उद्यमियों ने 3750 करोड़ के निवेश का एलान किया था।
शासन से स्वीकृति मिलने पर अंडला के पास की खाली जमीन का अधिग्रहण शुरू करा दिया जाएगा। पिछले दिनों फेडरेशन ऑफ इनोवेटिव मैन्युफैक्चर्स के पदाधिकारियों ने जमीन का सर्वे किया था। इसकी रिपोर्ट यूपीडा को भेज दी गई।