न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के एटा चुंगी चौराहे से सटी सरोज नगर कॉलोनी में कुलदीप सराफ के घर लूट करने वाले बदमाशों ने उनकी पत्नी कंचन को गला दबाकर मौत के घाट उतारा था। यह खुलासा शनिवार तड़के पोस्टमार्टम में हुआ है। वहीं पुलिस लगातार सीसीटीवी के सहारे अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है, जिसकी मदद से काफी महत्वपूर्ण सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द इस वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। इधर, घर पर सुरक्षा लगा दी गई है और सियासी लोगों की आवाजाही भी बनी हुई है।
क्वार्सी क्षेत्र की सरोज नगर कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर हुई हत्या और लूट की वारदात के बाद से पुलिस की दो टीमें एसपी सिटी व एसपी क्राइम के नेतृत्व में खुलासे पर काम कर रही हैं। इसी बीच रात दो बजे तक टीमों ने मौके के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अलग-अलग बिंदुओं पर गहन पड़ताल की। तड़के कंचन वर्मा के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद सुबह ही शव घर पहुंचा। इस दौरान शव पहुंचते ही माहौल बेहद करुण क्रंदन भरा हो गया। जहां पुलिस सुरक्षा व कोहराम के बीच रावणटीला शमशान गृह में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
इधर, महिला के पोस्टमार्टम में हत्या की वजह गला दबाना आया है। इसके बाद साफ हो गया है कि महिला को लूट करने से पहले ही मौत के घाट उतार दिया गया था। इसके बाद आराम से घर में बदमाशों ने ताले तोड़कर तलाशी लेकर सामान निकाला और चले गए। इधर, रात में ही लखनऊ से लौटे कोल क्षेत्र के भाजपा विधायक अनिल पाराशर व इगलास क्षेत्र के भाजपा विधायक राजकुमार सहयोगी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे।
जहां बातचीत कर संवेदना व्यक्त की और एसएसपी आदि अधिकारियों से वार्ता की। विधायक अनिल पाराशर ने बताया कि मामले में पुलिस बेहद तेज गति से काम कर रही है। संकेत हैं कि एक-दो दिन में घटना का सही सही खुलासा कर दिया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार दोपहर महिला घर में अकेली थी, उसी समय घुसे अज्ञात लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। इसके अलावा दिन भर सियासी लोगों की आवाजाही उनके घर लगी रही।
गला दबाया फिर क्यों काटा गया गैस पाइप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की वजह गला दबाना आया है। इसके बाद एक सवाल पुलिस के सामने खड़ा हो रहा है कि फिर बदमाशों ने महिला को बाथरूम में बंद करते समय गैस सिलिंडर का पाइप क्यों काटा गया था। इसे लेकर यही अनुमान है कि या तो भ्रमित करना मकसद था या फिर प्लानिंग होगी कि किसी तरह आग लग गई तो चोरी/लूट के साक्ष्य मिट जाएंगे।
अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद करने की चेतावनी
अलीगढ़। सराफा कारोबारी की पत्नी कंचन के हत्यारों की गिरफ्तारी एवं लूट का माल बरामद करने के लिए श्रीमाथुर क्षत्रिय स्वर्णकार सभा ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का समय दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर सराफा कारोबार अनिश्चित काल के लिए बंद करने की चेतावनी दी है। स्वर्णकार समाज की आपातकालीन बैठक खाईडोरा स्थित गंगा मंदिर में आयोजित की गई। समाज के लोगों ने 21 को प्रतिष्ठान बंद कर ज्ञापन देंगे। वीरेंद्र कुमार वर्मा, अशोक कुमार चूड़ी वाले, चंद्रभूषण वर्मा, महेश गर्ग, प्रदीप वर्मा, ललुआ, सुमित वर्मा आदि मौजूद थे।