कोहरे के चलते रेलवे ने लिच्छवी एवं ऊंचाहार एक्सप्रेस ट्रेन को अनिश्चित समय के लिए रद्द कर दिया है। इससे मुसाफिरों की परेशानियां बढ़ना शुरू हो गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि कोहरा बढ़ने से कुछ और ट्रेनों को रद्द किया जा सकता है। बृहस्पतिवार को स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस 10 घंटे, कालिंद्री एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, संपूर्ण संक्रांति, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आठ-आठ घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, पूर्वा, प्रयागराज एक्सप्रेस सात-सात घंटे, महानंदा, कालका, गोमती एक्सप्रेस, जोगबनी एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस पांच-पांच घंटे, मऊ -आनंद विहार एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस तीन-तीन घंटे की देरी से स्टेशन पहुंचीं।
यात्रियों की परेशानी बढ़ी
ट्रेनों की लेट-लतीफी से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। घंटों स्टेशन पर ठंड में ठिठुरते हुए ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के लिए अभी तक अलाव एवं हीटर चलवाने की व्यवस्था नहीं की है।
कोहरा होने पर रात में नहीं चलेंगी बसें
कोहरे के चलते 27 दिसंब रात अधिकतर रोडवेज बसों को चालकों ने ढाबा, होटल एवं टोल प्लाजा के अलावा सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया। सुबह मौसम साफ होने पर ही गंतव्य के लिए रवाना हुईं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कोहरा छाने पर रात में बसों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। कोहरा न होने एवं कम से कम 25 सवारियां होने पर ही बसें रात के समय संचालित होंगी। कोहरे में सुबह सात बजे के बाद ही बसों का संचालन होगा।