नए साल में जिले में ठंड भी बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह में जिले के न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। एक सप्ताह पहले 27 दिसंबर को जिले का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, 2 जनवरी को यह 6.8 डिग्री पर पहुंच गया।
जब मौसम खुलता है तो जमीन की ठंडी हवाएं फॉग और स्मॉग में बदल जाती हैं। इससे वायु भी प्रदूषित होती है। लिहाजा एक्यूआई बढ़ जाता है। वहीं नए साल के जश्न पर भी लोगों ने आतिशबाजी की थी। घर-घर अलाव जले। अलीगढ़ में कई जगह निर्माण हो रहे हैं। इसका भी प्रभाव पड़ रहा है।-डा. मुज्तबा सिद्दीकी, मौसम वैज्ञानिक
कलक्ट्रेट तिराहा और कंपनी बाग चौराहा रेड जोन में आ गए हैं जबकि सात चौराहे ऑरेंज जोन में हैं। इन इलाकों में एंटी स्मॉग गन से छिड़काव कराया जा रहा है। पेड़ों व सड़कों की धुलाई की जा रही है। जिन इलाकों में निर्माण चल रहा है, वहां हरी पट्टी लगाकर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। - विनोद कुमार, नगर आयुक्त
शहर की हवा बिगड़ने की वजह मौसम है। औद्योगिक संस्थानों व निर्माण कार्यदायी संस्थाओं को शुक्रवार को नोटिस जारी किए जाएंगे। अक्तूबर में 29 औद्योगिक संस्थानों और निर्माण कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए थे। - राधेश्याम, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी
कोहरे के कारण बृहस्पतिवार को शताब्दी, नाॅर्थ ईस्ट एवं महानंदा एक्सप्रेस रद्द रहीं। जबकि राजधानी दिल्ली-भुवनेश्वर, दिल्ली-लखनऊ, लखनऊ से दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मगध, मेमू सुपरफास्ट कानपुर-अलीगढ़, टीएडी व पैसेंजर ट्रेन दो-दो घंटे देरी से पहुंचीं। महाबोधि एक्सप्रेस व बरेली पैसेंजर ट्रेन एक-एक घंटे की देरी से अलीगढ़ स्टेशन पहुंची।
सर्दी बढ़ने के साथ ही कोहरे का प्रकोप अब शुरू हो गया है। जिससे आमजनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। शीतलहर के साथ ही कोहरे का असर भी यातायात व्यवस्था पर दिख रहा है। ट्रेनें और बसें घंटों देरी से पहुंच रही हैं, इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे के चलते ट्रेनों के संचालन में देरी हो रही है। जिसके चलते कुछ ट्रेनों को निरस्त भी किया जा रहा है।
सुबह के वक्त कानपुर के रास्ते लखनऊ जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द होने से काफी परेशानी हो रही है। अब दूसरे वाहन का सहारा लेना पड़ रहा है।- मनीष चाैधरी, क्वार्सी
गोमती एक्सप्रेस से दिल्ली जाना था। स्टेशन आने पर पता चला कि ट्रेन पहले एक घंटे देरी से आने वाली थी। अब दो घंटे की देरी से आ रही है। स्टेशन पर ही इंतजार करना पड़ रहा है।- कुनाल गिरी, सासनीगेट
कानपुर जाना था। काफी देर से स्टेशन पर ट्रेन के आने का इंतजार कर रहा हूं। इंतजार लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ठंड में ट्रेनें लेट होने से काफी परेशानी हो रही है।- लोकेश शर्मा, मेलरोज बाईपास
टीएडी पैसेंजर ट्रेन से टूंडला तक जाना था। ट्रेन करीब दो घंटे देरी से आएगी। इससे प्लेटफार्म पर ही रहकर ट्रेन के आने का इंतजार किया जा रहा है।- अरविंद गुप्ता, रसिक टावर
- कलक्ट्रेट तिराहा-324.85 रेड
- कंपनी बाग चौराहा-321.07 रेड
- रसलगंज चौराहा-292.33 ऑरेंज
- एटा चुंगी-270.22 ऑरेंज
- मसूदाबाद-260.74 ऑरेंज
- सेंटर प्वाइंट-242.34 ऑरेंज
- दूबे का पड़ाव-226.07 ऑरेंज
- एमएयू सर्किल-203.13 ऑरेंज
- बारहद्वारी-299.84 ऑरेंज जोन
- आगरा रोड-174.6 यलो
एक सप्ताह में इस तरह लुढ़का पारा
तिथि - अधिकतम - न्यूनतम
- 27 दिसंबर : 20.8- 12.8
- 28 दिसंबर : 19.8- 12.4
- 29 दिसंबर : 19.4- 13.2
- 30 दिसंबर : 14.2-10.8
- 31 दिसंबर : 13 - 10.2
- 1 जनवरी : 14.6- 6.8
- 2 जनवरी : 15.8 - 6.8
- तापमान डिग्री सेल्सियस में