नेफ्रोलॉजी अनुभाग के प्रभारी प्रो. मोहम्मद असलम ने बताया कि 20 से 30 फीसदी लोगों को क्रोनिक किडनी रोग का पता नहीं चलता है। जब उनकी जांच होती है,तब इस रोग के बारे में जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि क्रोनिक किडनी रोग की वजह रसायनिक उर्वरक, पैकेट बंद खाद्य सामग्री भी है। अगर शरीर में गुर्दे की तरफ दर्द हो या असहज महसूस कर रहे हैं, तो जांच जरूर करानी चाहिए। प्रो. असलम ने कहा कि पिछले दिनों क्रोनिक किडनी रोग को लेकर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आयोजित इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर फ्लोराइड रिसर्च (आईएसएफआर) के 36वें सम्मेलन में व्याख्यान दिया था।
क्या होता है क्रोनिक किडनी रोग
क्रोनिक किडनी रोग का मतलब है कि आपकी किडनी क्षतिग्रस्त हो गई है और वह रक्त को उस तरह से साफ नहीं कर सकती, जैसा करना चाहिए। किडनी रोग विकसित होने के मुख्य कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग हैं।
पानी में फ्लोराइड होने से दांतों को फायदा होता है, लेकिन उससे सबसे ज्यादा नुकसान हड्डियों को होगा। पानी में कई हानिकारक तत्व मिलने से कैंसर होने की संभावनाएं प्रबल हो जाती हैं।-प्रो. कुंवर फराहिम खान, भूगर्भ विज्ञान, एएमयू