स्कूल में फीस माफी को लेकर होता हंगामा।
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़। महेंद्र नगर-प्रीमियर नगर स्थित हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को फीस की मांग करने को लेकर हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर विवाद सुलझाने लिए पुलिस को पहुंचना पड़ा। तब कहीं जाकर मामला शांत हो पाया। इस मामले में स्कूल की प्रिंसिपल जयमाला वर्मा ने स्टाफ के साथ अभद्रता करने और सामाजिक दूरी के नियम को तोड़ते हुए भीड़ के रूप में उनके दफ्तर में घुसने की तहरीर गांधीपार्क थाने में दी है।
अभिभावक एकता मंच के संयोजक अतुल राजाजी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा लगातार फीस की डिमांड की जा रही है। अभी तक पिछले सत्र का रिजल्ट नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन इसलिए रिजल्ट नहीं दे रहा है, ताकि अभिभावक आगामी सत्र की फीस जमा करें। जबकि लॉक डाउन में अभिभावक परेशान हैं। इस मामले में प्रिंसिपल जयमाला वर्मा से वार्ता की तो उन्होंने बताया कि सरकारी निर्देशों का पालन किया जा रहा है। अभिभावकों से हर महीने फीस मांगी जा रही है। फीस से लेकर रिपोर्ट कार्ड तक की सर्विस नोएडा की एक कंपनी देती है। उनका ऑफिस रेड जोन में है। इसीलिए अभी तक रिपोर्ट कार्ड नहीं आए हैं। लेकिन बच्चों को प्रमोट कर दिया है।
जानकारी अभिभावकों को दे दी गई है। इसी हिसाब से नवीन सत्र की कक्षाएं भी चल रही हैं। जो अभिभावक फीस देने में असमर्थ हैं। वह लिखित में दें, जिससे उन आवेदनों पर विचार कर निर्णय लिया जा सके। लेकिन एकदम से भीड़ के रूप में दफ्तर में आना, स्टाफ के साथ अभद्रता करना सही नहीं है। जो अभिभावक अपनी बात रखना चाहते हैं। वह एक एक करके मुझसे मिल सकते हैं। यही शब्द अतुल राजाजी तथा उनके साथ आए लोगों से कहा था, लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी। विद्यालय परिसर में हंगामा खड़ा करना सही नहीं है। इसीलिए सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करने, स्टाफ के साथ अभद्रता करने और विद्यालय के गेट पर नारेबाजी करने के आरोप में गांधीपार्क थाने में तहरीर दी गई है।
फीस माफ नहीं हुई तो किया जाएगा आंदोलन : सिक्ससंस
अलीगढ़ अभिभावक एसोसिएशन के चेयरमैन सौरभ अग्रवाल सिक्ससंस ने जिलाधिकारी से जल्द ही स्कूल फीस के मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने अलीगढ़ जिले में स्कूल फीस माफ कर अभिभावकों को राहत देने की बात कही है। कहा कि कोरोना काल में अभिभावक आर्थिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा है कि अगर फीस माफ नहीं होगी तो आंदोलन किया जाएगा।