कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने के लिए हर सप्ताह शनिवार और रविवार को लगने वाला लॉकडाउन शुक्रवार रात 10 बजे से प्रभावी हो जाएगा। शनिवार और रविवार पूरी तरह से बंद रहने के बाद सोमवार सुबह पांच बजे से हालात सामान्य होंगे। इन दो दिनों में सिर्फ सुबह छह से 11 बजे के बीच दूध, फल और सब्जी सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की बिक्री होगी। मेडिकल स्टोर्स और अस्पताल पहले की तरह ही खुले रहेंगे।
आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही आवागमन की छूट ड्यूटी के समय होगी। साथ ही शाम चार से छह बजे के बीच दूध की दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि वह लॉक डाउन का पालन करें। बेवजह सड़कों पर न घूमें। घूमने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के मुताबिक शासन की गाइड लाइन के अनुसार, ट्रेन और रोडवेज बसों, मालवाहक वाहनों और हाईवे पर स्थित ढाबों का संचालन चालू रहेगा। लोकल ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा। एक शहर से दूसरे शहर रोडवेज बस या ट्रेन से जाने के लिए किसी प्रकार के पास की जरूरत नहीं है। यात्रा का टिकट ही पास के तौर पर मान्य है। शुक्रवार रात दस बजे से लागू होने वाला लॉक डाउन सोमवार सुबह पांच बजे तक रहेगा। इस दौरान धनीपुर सब्जी मंडी रात 11 से सुबह 5 बजे तक खुलेगी। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहने के दौरान सैनिटाइजिंग अभियान चलाया जाएगा। फैक्टरी और प्रतिष्ठान संचालक भी अपने-अपने यहां सैनेटाइजिंग कराएंगे।