अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के जेएन मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में सैंपल लेने के मामले में कुलपति ने तीन दैनिक भत्ता भोगी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। ब्लड बैंक में तकनीशियन के बजाय ब्लड सैंपल सुरक्षाकर्मी ले रहा था।
एएमयू के प्रॉक्टर प्रो. वसीम अली ने बताया कि छात्र नेता राजा भैया की शिकायत के बाद एएमयू प्रशासन ने फैक्ट फाइंडिंग इनक्वायरी कमेटी (एफएफआईसी) गठित की थी। जांच रिपोर्ट पर कुलपति ने शनिवार को जेएन मेडिकल कॉलेज की दैनिक भत्ता भोगी शबीना खातून, विकास यादव, सुरक्षाकर्मी ब्रजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया।
राजा भैया ने बताया कि उन्होंने मेडिकल कॉलेज की लापरवाही की शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त की रात को ब्लड बैंक में कोई लैब तकनीशियन मौजूद नहीं था। इसलिए सुरक्षाकर्मी ही ब्लड सैंपल ले रहा था। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भी की थी।