अतिसंवेदनशील देहली गेट के गूलर रोड गली नंबर 1 में शुक्रवार रात जन्माष्टमी के हांडी कार्यक्रम के बीच छेड़खानी के बाद दो पक्षों में हुए फसाद के बाद अब शांति है। हालांकि तड़के तक पुलिस ने सख्ती के साथ गिरफ्तारी अभियान चलाकर पांच नामजद गिरफ्तार किए हैं। दोनों ओर से चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एहतियातन अभी इलाके में पुलिस व आरएएफ तैनात कर रखी है। शाम को एसपी सिटी ने भी इस इलाके में पुलिस बल संग पैदल मार्च किया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे हांडी फोेड़ कार्यक्रम के दौरान अचानक छेड़खानी विवाद में दो समुदायों के बीच मारपीट हो गई। एक समुदाय के युवकों ने जब दूसरे समुदाय के युवकों को दौड़ाया तो दूसरे समुदाय के लोगों ने इन युवकों को अपने इलाके में घेर लिया और धर्म स्थल के अंदर खींचकर पीटा।
बाद में पथराव भी हुआ। इस मामले में दोनों ओर से आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। पुलिस की ओर से एक पक्ष से रात में ही तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे, जबकि दिन में दूसरी ओर से भी एक मुकदमा दर्ज किया है। साथ में तड़के अभियान चलाकर एक पक्ष के मुकदमे के पांच नामजद आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं।
- शुक्रवार रात हुए घटनाक्रम के बाद अब इलाके में पूरी तरह शांति है। दोनों ओर से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक पक्ष के पांच नामजद जेल भेजे गए हैं। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी
पूर्व विधायक का तर्क, विकास की बात करें, फसाद की नहीं
इस झगड़े में दूसरे पक्ष से जख्मी सलीम का जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। उसे देखने पहुंचे पूर्व विधायक जमीर उल्लाह ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है। साथ में रात में मौके पर पहुंचे नेताओं पर कहा है कि वे विकास की बात करें। फसाद में न पड़ें। उन्होंने कहा है कि जो दिखाया जा रहा है, उससे उलट हुआ है। पुलिस भी एक पक्षीय कार्रवाई कर रही है। सरकारें आती जाती हैं। इस बात का ध्यान रखा जाए।
एक पक्ष से ये तीन मुकदमे
-कुणाल की ओर से दर्ज मुकदमे में वसीम, सलीम, दानिश, गुलजार, आमिर, मोहनीस, कुल्ला, समीर, साकिब, असलम, जाकिर, मुदस्सिर निवासीगण मोती मस्जिद गली नंबर-1 गूलर रोड आरोपी। जिसमें एकराय हमला व अनुसूचित उत्पीड़न का आरोप।
-शिवम यादव की ओर से दर्ज मुकदमे में दानिश, वसीम, गुलजार, सलीम, आमिर, मोहनीस, काले उर्फ कुल्ला, समीर, सादिल, असलम निवासीगण मोती मस्जिद आरोपी। जिसमें एक राय होकर हमला व छेड़खानी का आरोप।
-आयूष वार्ष्णेय की ओर से दर्ज मुकदमे में दानिश, वसीम, गुलजार, सलीम, आमिर, मोहनीस, कुल्ला, समीर, साकिब, असलम, जाकिर निवासीगण मोती मस्जिद आरोपी। जिसमें एक राय होकर हमला व छेड़खानी का आरोप।
दूसरे पक्ष से ये एक मुकदमा
-घायल सलीम की पत्नी मुबीना की ओर से दर्ज मुकदमे में शिवम और प्रशांत नामजद, 15-20 अज्ञात आरोपी। जिसमें घर में घुसकर मारपीट करने व पति को जख्मी करने का आरोप।
---
ये पांच किए गए गिरफ्तार:--शाकिब, काले उर्फ कुल्ला, काले का बेटा मोहनीस, दानिश, वसीम को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
---
ये लोग हुए घायल:-सुशांत, कुणाल, हिमेश, आयुष वार्ष्णेय, शिवम, ध्रुव शर्मा, सलीम।