थाना सिविल लाइन के बगल में दिनदहाड़े सपा नेता के भतीजे की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को एसपी सिटी अभिषेक ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि रविवार रात अल्लहाज उर्फ निजहाज, गालिब व तालिब को अलीगढ़ पब्लिक स्कूल के सामने नकवी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि 26 जुलाई को थाने के सामने गाजियाबाद में मजदूरी करने वाले युवक समीर पुत्र माजिद खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मृतक के पिता ने अल्लहाज उर्फ मिनहाज पुत्र अब्दुल अलीम निवासी शौकत मंजिल दोदपुर, गालिब पुत्र युनुस खान निवासी मलाह का नगला मौहम्मदनगर, तालिब पुत्र युनुस खान निवासी मलाह का नगला मोहम्मद नगर, बंटी निवासी देहलीगेट और अकबर बिहारी निवासी गंगनहर कालोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
जांच में पता लगा कि आरोपी मृतक के कभी अच्छे दोस्त हुआ करते थे। लेकिन मई में उनके बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। जिसके चलते 13 मई को भी समीर को जाने से मारने का प्रयास किया गया था। जिसमें समीर बाल-बाल बच गया था। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। तीनों आरोपी जेल भेजे गए थे। जेल जाने के बाद से रंजिश और बढ़ गई। आरोपियों ने तभी से समीर की हत्या करने की ठान ली थी। 26 जुलाई को मौका लगते ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म की डिटेल से जानकारी पर यह गिरफ्तारी हुई है। इस गिरफ्तारी टीम में इंस्पेक्टर सिविल लाइंस प्रमेन्द्र कुमार व उनके सहयोगी शामिल रहे।