सारसौल चौराहे पर बल्लभगढ़ के लिए सवारियां बैठाता एक इको वैन चालक। अमर उजाला
- फोटो : CITY OFFICE
संभागीय परिवहन कार्यालय व परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के सामने सारसौल चौराहे पर इन दिनों खुलेआम डग्गामारी हो रही है। यहां से बल्लभगढ़ के लिए 130 रुपये से 150 रुपये में सवारियों को ईको वैन से ढोया जा रहा है। आलम यह है कि यह स्थान आरटीओ व आरएम कार्यालय से ठीक 500 मीटर के अंदर है।
लेकिन दोनों विभाग इससे अनजान बने हैं। विगत दिनों से सारसौल चौराहे से खैर रोड पर सड़क किनारे एक प्लॉट में दर्जनों की संख्या में ईको वैन खड़ी होती हैं। यहां क्रमानुसार दो-दो करके ईको वैन बाहर आती हैं तो बल्लभगढ़ की सवारियों को बैठाती हैं। सवारियों से 130 से 150 रुपये और त्योहारों के समय अधिक रुपये वसूले जाते हैं। डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले दोनों विभाग (परिवहन विभाग व परिवहन निगम) कार्यालय सामने आधा किलोमीटर के अंदर हैं।
- एआरएम को डग्गामारी रोकने के निर्देश दे दिए हैं। जबकि परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों के माध्यम से डग्गामारी बंद कराएंगे। -मो. परवेज खान, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम।
- जल्द अभियान चलाकर डग्गामारी बंद कराई जाएगी। किसी भी सूरत में डग्गामारी नहीं करने दी जाएगी। मौके पर डग्गामारी मिली तो कार्रवाई की जाएगी। -फरीदउद्दीन, आरटीओ प्रवर्तन।