टप्पल से लेकर जट्टारी तक शुक्रवार दोपहर अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने 6 घंटे तक हंगामा किया। अलीगढ़ पलवल हाईवे व यमुना एक्सप्रेस वे को जाम करने, 6 सरकारी बसों को आग लगाने, चौकी फूंकने, लोगों से मारपीट करने, सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों पर हमला करने के बाद उपद्रवी जट्टारी नगर पंचायत कार्यालय को आग के हवाले करना चाहते थे। मगर नगर पंचायत कार्यालय का गेट नहीं खुलने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। इस बात का खुलासा वहां मौजूद चश्मदीदों व नगर पंचायत के कर्माचारियों ने बातचीत में किया है।
ये 35 लोग किए गए गिरफ्तार
- गांव मालव से गौरव, अनिल, उमेश, अनिल, सत्येंद्र, प्रमोद, मोनू, चंदर, जुगेंद्र, गुलाब, विवेक, चिंटू, सुधीर, गांव खंडेहा से पंकज, प्रवीन, गौरव, संग्राम सिंह, अंकित, विनीत, हसनपुर जरैलिया से महेश, अंकित, गांव देवाका से टिंकू, गांव सिमरौठी से पवन, प्रशांत, वीरेंद्र, धीरज, जट्टारी से अमित, भरत चौधरी, गांव फाजिलपुर से रामकुमार, केशव, खेड़िया खुर्द से मोहन चौधरी, राजपाल, रोबिन, गांव कृपालगढ़ी से गौरव, गांव गौरोला से नवीन शामिल हैं।
ये चार मुकदमे किए गए दर्ज
- एक मुकदमा रात जट्टारी चौकी प्रभारी जितेंद्र की ओर से 65 नामजद 450 अज्ञात पर दर्ज कराया। जिसमें पूरे घटनाक्रम का उल्लेख किया गया है।
- दूसरा मुकदमा चौकी जट्टारी के हैड कांस्टेबल अवधेश सिंह की ओर से जट्टारी चौकी में घुसकर दफ्तर, आवास में तोड़फोड़, दस्तावेज फाड़ने, आग लगाने आदि आरोप में अज्ञात पर दर्ज कराया है।
- तीसरा मुकदमा जट्टारी चेयरमैन राजपाल सिंह की ओर से है, जिसमें एसडीएम खैर संग निजी गाड़ी में लोगों को समझाने जाते समय हमला करने, बचावकर भागने पर गाड़ी को आग लगा देने का आरोप है।
- चौथा मुकदमा रोडवेज कर्मचारी बाबूराम से दर्ज कराया है, जिसमें यूपी व हरियाणा रोडवेज की बसों में तोड़फोड़, आगजनी करने का अज्ञात लोगों पर आरोप है।
वीडियो फुटेज से होने लगी पहचान, सामने आ रहे नाम
पुलिस द्वारा इस घटना के बाद वीडियो फुटेज के फोटो वायरल कर लोगों से उनकी पहचान कराने में मदद मांगी है। जिसमें अब तक काफी नाम पुलिस के पास आ गए हैं। इस घटना के पीड़ित लोग खुद पुलिस को आरोपियों के नाम बता रहे हैं। उसी आधार पर पुलिस का धरपकड़ अभियान जारी है। आज भी पुलिस ने नए और फुटेज वायरल करते हुए लोगों से अपील की है। जिसमें फोटो से पहचान बताने को कहा गया है।
5 कंपनी पीएसी और एटा आदि से भी बुलाया गया फोर्स
इस घटना के बाद टप्पल-जट्टारी में पांच कंपनी पीएसी लगाई गई हैं। इसके अलावा शहर के कुछ थानों, दूसरे जनपद के एटा से भी फोर्स लगाया गया है। इसमें एटा के फोर्स को रात्रि में लगाया गया है। हर छोटे इनपुट पर यह पुलिस टीमें सक्रिय हो रही हैं।
10 टीमें धरपकड़ के लिए लगाई, 80 से ज्यादा हिरासत में
इस विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों को चिह्नित कर धरपकड़ के लिए 10 टीमों को लगाया गया है। इन टीमों ने अब तक 80 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। जिनमें से 35 लोग मुकदमों में शामिल पाए जाने पर जेल भेजे गए हैं। वहीं बाकी से पूछताछ चल रही है। उनकी उम्र व संदिग्ध स्थिति के सत्यापन के बाद ही उन पर निर्णय लिया जाएगा। जो लोग जेल भेजे गए हैं, उनमें एक दर्जन कोचिंग संचालक हैं। बाकी कुछ ऐसे युवक हैं, जो किसी तैयारी में शामिल नहीं हैं, बल्कि बवाल में शामिल थे। इन्हें अराजक तत्व के रूप में चिह्नित कर जेल भेजा गया है।