लॉकडाउन के बीच दूसरे प्रदेशों से लौटकर रोजी रोजगार की जुगाड़ में लगे प्रवासी श्रमिकों के लिए सूर्य मित्र नई रोशन बनकर सामने आया है। यूपी नेडा आदित्य टी एंड ई एप के माध्यम से उन्हें तीन माह का निशुल्क प्रशिक्षण दिलाकर आत्मनिर्भर बनाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत श्रमिक सौर संयंत्रों की मरम्मत कर पैसा कमा सकते हैं।
यूपी नेडा ने दिसंबर 2019 में सूर्य मित्र योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत विभाग आदित्य टी एंड ई एप के माध्यम से इच्छुक श्रमिकों को घर बैठे तीन माह का प्रशिक्षण दिलाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सौर ऊर्जा संयंत्रों का तकनीकी ज्ञान देने के साथ ही उन्हें दुरुस्त करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। परियोजना अधिकारी यूपीनेडा फीरोज अहमद ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति सोलर इलेक्ट्रिक सिस्टम इंस्टालर एंड सर्विस प्रोवाइडर का प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार हेतु सूर्य मित्र सेवा प्रदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिये मोबाइल एप आदित्य टी एंड ई पर आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण के उपरांत स्वरोजगार हेतु मोबाइल एप आदित्य टी एंड ई डाउनलोड कर जनपद में सूर्यमित्र सेवा प्रदाता के रूप में पंजीकरण हेतु आवेदन किया जाएगा। पंजीकरण के 15 दिन के अंदर मूल प्रमाण-पत्रों का परीक्षण कराते हुए 2000 रुपये की धरोहर राशि जमा करनी होगी।
एप से ही मिलेगा काम
परियोजना अधिकारी नेडा ने बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्रों के अनुरक्षण हेतु मोबाइल एप आदित्य सी एंड ई पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण के लिये शिकायतकर्ता से 150 रुपये विजिटिंग चार्ज एवं लगने वाले पार्ट की कीमत प्राप्त कर सूर्य मित्र स्वरोजगार कर सकते हैं। इसी एप पर उपभोक्ता अपने सौर संयंत्रों के अनुरक्षण एवं मरम्मत कराने के लिये खराब संयंत्र का विवरण फोटो सहित दर्ज करेंगे। उन्होंने बताया कि संयंत्र यूपीनेडा द्वारा स्थापित होने की दशा में यूआईडी नंबर भी दर्ज करा होगा। संयंत्र ठीक कराने के लिये 150 रुपये विजिटिंग चार्ज एवं लगने वाले पार्ट की कीमत का शिकायतकर्ता द्वारा सूर्यमित्र को भुगतान करना होगा।