यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने संबंधित परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को नसीहत देने के साथ चेतावनी भी दी है। बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हो रही हैं। शनिवार को नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा-2022 के 153 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों की बैठक जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बुलाई।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे व वायस रिकॉर्डर, कंट्रोल रूम में एलईडी, राउटर, डीवीआर, छह जीबी इंटरनेट, केंद्र पर आवंटित परीक्षार्थियों के सापेक्ष पर्याप्त फर्नीचर, प्रश्न पत्रों के रख-रखाव के लिए डबल लॉक अलमारी, डबल लॉक अलमारी सीसीटीवी कैमरे की पूर्ण निगरानी में, केंद्र पर विद्युत, जनरेटर, इनवर्टर, समस्त परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश, प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त वाट की एलइडी बल्ब, परीक्षा केंद्र पर शुद्ध पेयजल, छात्र-छात्राओं के अलग-अलग शौचालय, साफ-सफाई, परीक्षा केेंद्र पर एक संपूर्ण कंप्यूटर सिस्टम, दो दक्ष कंप्यूटर ऑपरेटर, परीक्षा केंद्र पर अग्निशमन, लॉग बुक रजिस्टर तैयार, डबल लॉक को खोलने, बंद करने की सूचना अंकित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
साथ ही प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था मांगने, परीक्षा केंद्र टीम आंतरिक सचल दल टीम के सदस्यों के नाम, बंडल वाहक का नाम, आईडी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तत्काल जमा कराना, परीक्षा कक्ष, सीलिंग पैकिंग कक्ष, मुख्य द्वार पर सीसीटीवी कैमरा की उपलब्धता, परीक्षा केेंद्र पर मुख्य द्वार के अतिरिक्त बाहर जाने का यदि कोई दूसरा द्वार हो तो उसे पूर्ण रूप से सील कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि परीक्षा केंद्रों की जांच के लिए लगाए गए जांच अधिकारियों को अतिशीघ्र केंद्रों का निरीक्षण कर निरीक्षण आख्या प्रपत्र विभाग को मुहैया कराना होगा।