न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अतरौली डिपो की एक रोडवेज बस के संविदा परिचालक द्वारा काफी समय पहले चोरी हुई टिकट वेंडिंग मशीन से यात्री टिकट काटे जाने का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज ने परिचालक मोनू चौधरी और चालक सरताज अहमद को बर्खास्त कर उनकी संविदा समाप्त कर दी है। साथ ही एफआईआर कराने के आदेश अतरौली डिपो के एआरएम को दिए हैं। इधर, बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिख रोडवेज निगम में बड़े भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए विभागीय अधिकारियों के भी संलिप्त होने का अंदेशा जाहिर किया है। उन्होंने इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने सीएम को पत्र लिख कर कहा है कि हाल में अतरौली डिपो की एक रोडवेज बस में चोरी हुई टिकट वेंडिंग मशीन से टिकट काटे जाने का मामला सामने आया है। यह गंभीर प्रकरण है। इसमें विभागीय अधिकारियों की भी मिलीभगत है। साथ ही प्रतीत हो रहा है कि इस काम को किसी गैंग द्वारा अंजाम दिया जा रहा है, जिससे की सरकार को राजस्व की हानि हो रही है। इस प्रकरण को लेकर प्रश्न उठता है कि निगम से कितनी मशीनें चोरी या गायब हुई हैं।
अगर, चोरी हुईं हैं तो इनके संबंध एफआईआर अब तक क्यों दर्ज नहीं कराई गई है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर और दोषियों को सजा दी जाए। रोडवेज अलीगढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज खान ने बताया कि मशीन काफी समय पहले चोरी हुई थी। तीन दिन पहले उक्त मशीन से टिकट काटे जाने का मामला सामने आया। इस पर संबंधित चालक-परिचालक की संविदा दो दिन पहले समाप्त कर दी गई है। एफआईआर के भी आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही निगम को मशीन उपलब्ध कराने वाली कंपनी के अधिकारियों से वार्ता कर यह जांच कराई जा रही है कि मशीन से कितने टिकट काटे गए हैं। साथ ही विभागीय जांच हो रही है।