कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सील किया गया मार्केट।
- फोटो : CITY OFFICE
65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत एवं उनके परिवार के पांच सदस्यों के संक्रमित होने से कनवरीगंज के लोग सहम गए हैं। अब लोग बुजुर्ग की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं कि कहीं वह कोरोना वायरस से संक्रमित तो नहीं थे। भयभीत होने का एक कारण यह भी है कि चंद रोज पहले कटरा में कपड़ा व्यवसायी के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी। उस परिवार का एक सदस्य अभी भी कोविड अस्पताल में भर्ती है।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत का कहना है कि परिवार के 5 सदस्यों का नमूना 7 जून को लिया गया था। एक दिन पहले तक उनकी रिपोर्ट नहीं दी गई। परिजन तबियत खराब होने पर बुजुर्ग की भी जांच कराना चाहते थे लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। बुजुर्ग के रिश्तेदार मथुरा में हैं, उनसे बातचीत करने के बाद बुजुर्ग को लेकर परिजन जांच कराने मथुरा पहुंच गए। वहीं, उनका निधन हो गया। शनिवार रात्रि में पीपीई किट पहनकर परिजनों ने नुमाइश मैदान स्थित मुक्तिधाम में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। अभी यह भी साफ नहीं है कि बुजुर्ग संक्रमित थे या नहीं।
डॉ. विवेक सारस्वत ने बताया कि आज एडीएम सिटी से बातचीत के बाद परिवार के पांच सदस्यों की रिपोर्ट दी गई, जो पॉजिटिव है। सूचना के बाद कनवरीगंज में लोग डरे हुए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने कहा कि अभी करीब 700 रिपोर्ट जेएन मेडिकल कॉलेज में पेंडिंग हैं। इसकी वजह से रिपोर्ट आने में देरी हो रही है। कोशिश कर रहे हैं कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में कोरोना वायरस की जांच के लिए लैब बन जाए। इस महीने के अंत तक लैब बनने की उम्मीद है। लैब बनने के बाद रिपोर्ट समय से मिलने की उम्मीद है।