पीएसी 38वीं वाहिनी में बड़े भाई के शैक्षणिक दस्तावेजों के नाम पर नौकरी पाने वाले फिरोजाबाद के सिपाही अजय सिंह को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने के साथ-साथ यह विभागीय कार्रवाई की गई है। इधर, अब पुलिस उसे तलाशने में एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है।
पीएसी में 2016 में फिरोजाबाद नारखी के मुईउद्दीनपुर के अजय सिंह ने नौकरी पाई। उसकी यह शिकायत हुई कि उसने अपने भाई विजय सिंह के दस्तावेजों का प्रयोग किया है। जांच में सच्चाई उजागर होने पर मंगलवार को मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया। उससे पहले उसे निलंबित किया जा चुका है। इधर, अब पीएसी कमांडेंट स्तर से उसे सेवा से बर्खास्त भी कर दिया गया है। इधर, इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार आरोपी को तलाशने के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।