पिछले नौ साल तक तो सोने के दामों में वृद्धि मामूली रही। दिसंबर 2023 के बाद रफ्तार पकड़ी। 31 दिसंबर 2023 को सोना अलीगढ़ में 65450 रुपये प्रति 10 ग्राम था। अब 1,23,800 रुपये है। अलीगढ़ सराफा कमेटी के अनुसार जिले में 2015 में 24 कैरेट सोना 25450 व 22 कैरेट सोना 23250 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 10 साल बाद सात अक्तूबर को यह क्रमश 1,23, 800 व 1,11,800 रुपये है।
निवेश किया तो बरसी लक्ष्मी की कृपा
13 साल पहले गांधी नगर निवासी ब्रजेश अग्रवाल ने दीपावली के अवसर पर 27,200 रुपये में लक्ष्मी पूजन के लिए 10 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदा था। आज उसी लक्ष्मी गणेश अंकित सोने के सिक्के की कीमत 1,23,800 रुपये हो गई है। ब्रजेश कहती हैं सिक्के के रूप में लक्ष्मी की कृपा बरसी है। सन 2017 में सराय हकीम की मधु वार्ष्णेय ने भी 30110 रुपये में सोने का सिक्का खरीदा था। उसकी कीमत भी अब चार गुना से ज्यादा है। यही कारण है कि मधु इस बार धनतेरस पर इसी धातु में निवेश करने का मन बना रही हैं।