ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए जनपद की सीमा पर सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड आदि पर विशेष नजर रखी जा रही है। फोकस सैंपलिंग भी शुरू कर दी गई है, जो अगले छह दिन तक चलेगी। जनपद में विदेश से आए 28 लोगों का सैंपल लिया गया है।
राहत की बात यह है कि एंटीजन टेस्ट में सभी कोविड निगेटिव हैं। अभी तक किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। कुछ लोगों की आरटी-पीसीआर रिपोर्ट का इंतजार है। बुधवार को बाहर से आए चार लोगों का सैंपल लिया गया। बुधवार को 11 लोगों की सूची आई है, जिनकी जांच कल की जाएगी। सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि विदेश से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
गाइड लाइन के अनुसार उनको सात दिन क्वारंटीन में रहना है। अगर कोई पॉजिटिव आता है तो उसका सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए बाहर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव केस आने पर पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में दस बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। मरीज को वहीं रखा जाएगा।