अलीगढ़। महारानी अहिल्याबाई स्टेडियम में तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता जारी है। दूसरे दिन विभिन्न मंडलों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद सहारनपुर, वाराणसी, मेरठ और अलीगढ़ मंडल की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
अलीगढ़ मंडल ने देवीपाटन मंडल को 23-8 अंकों से हराया। मुरादाबाद ने अयोध्या को 33-7, गोरखपुर ने आजमगढ़ को 41-25 अंकों से पराजित किया। प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुरादाबाद मंडल ने देवीपाटन मंडल को 36-6 अंकों से हराया। अमेठी छात्रावास ने आगरा मंडल को 50-20 तथा प्रयागराज ने गोरखपुर मंडल को 40-22 अंकों से पराजित किया। बरेली मंडल ने भी अपने मुकाबले में 39-37 अंकों से जीत दर्ज की।
प्रथम क्वार्टर फाइनल में सहारनपुर मंडल ने मुरादाबाद को 45-22 अंकों से हराया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में वाराणसी ने अमेठी छात्रावास को 32-19, तीसरे क्वार्टर फाइनल में मेरठ ने गोरखपुर मंडल को 41-22 तथा चौथे क्वार्टर फाइनल में अलीगढ़ ने बरेली मंडल को 32-11 अंकों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ दीपक जादौन, डॉ. चौधरी नरेंद्र मालव, डॉ. उमंग सिंह और डॉ. एके संजय माहेश्वरी ने किया। निर्णायक मंडल में अजय शर्मा, प्रेम सिंह यादव, रविंद्र कुमार सिंह, सर्वेश यादव, सुनील कुमार, नीतू गुप्ता, अंतिम यादव, प्रतिभा उपाध्याय और पीके पांडेय ने निर्णायक भूमिका निभाई।
जिला क्रीड़ा अधिकारी पूनम लता राज, उपक्रीड़ाधिकारी हरफूल सिंह, वरिष्ठ कबड्डी खिलाड़ी महेंद्र सिंह मौजूद रहे। यह प्रतियोगिता खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कराई जा रही है।