कोरोना काल में घाटे में चल रहा परिवहन निगम यात्रियों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। यात्रियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए अब हर 200 किलोमीटर के सफर के बाद बसों की सफाई और सैनेटाइजिंग होगी। साथ ही कैशलेस यात्रा को बढ़ावा देने के लिए अब पेटीएम के साथ ही डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान किया जा सकेगा। इससे संक्रमण नोटों के जरिये फैलने की संभावना ही खत्म हो जाएगी।
अलीगढ़ परिक्षेत्र के रोडवेज निगम के प्रबंधक परवेज खान ने बताया कि दो दिन पहले मुख्यालय स्तर पर बैठक हुई थी। बैठक में हर 200 किमी पर बसों की सफाई, यात्री डेबिट या क्रेेडिट कार्ड से भी कर सकेंगे टिकट का भुगतान, दिव्यांगों को बस अड्डों पर खानपान के स्टॉल खोलने पर किराए में छूट, सभी चालक-परिचालकों को हर साल सीजन के हिसाब से दो वर्दी देने, बस हादसे में चालक-परिचालक की मौत होने पर यात्री राहत कोष से अश्रितों को आर्थिक मदद देने, रोडवेज के प्रवर्तन दलों को बस हादसों को रोकने के प्लान बनाने और चालक-परिचालकों को टिप्स देने संबंधी निर्णय लिया गया है। परिक्षेत्र के सभी डिपो के एआरएम को इन नये नियमों के आदेश की कॉपी भेज दी गई है।
31 जुलाई से पहले जमा कर रोडवेज के ओपन कार्ड की डिटेल
एआरएम लोकेश राजपूत ने बताया कि रोडवेज ने ओपन कार्ड सिस्टम को मार्च के प्रथम सप्ताह में बंद कर दिया था। अब कार्ड धारकों से डिटेल मांगी जा रही है। 31 जुलाई तक कार्ड धारक गांधी पार्क बस अड्डे पर आकर अपने कार्ड का नंबर, आखिरी रिचार्ज की तिथि, अपना नाम और बैंक की डिटेल सहित फार्म भरकर जमा करा दें। इस डाटा को मुख्यालय भेजा जाएगा। जिन भी लोगों के कार्ड में बैलेंस बचा होगा। उतना पैसा उनके खाते में डाल दिया जाएगा।