रेलवे प्रशासन ने कोरोना काल से बंद दो ईएमयू (अलीगढ़-दिल्ली) ट्रेनों को सितंबर से संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे दैनिक यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी। अलीगढ़ से टीएडी, एचएडी, अलीगढ़-पलवल समेत सात ईएमयू ट्रेनों का संचालन होता था, वर्तमान में पांच ईएमयू चल रही हैं।
अभी सुबह 06:10 बजे एवं 08:20 पर चलने वाली ईएमयू ट्रेनों का संचालन बंद है। रेलवे ने इन्हें दोबारा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि अगले महीने से इन दोनों ट्रेनों का पुन: संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
दोनों ईएमयू पैसेंजर ट्रेनों के संचालन से अलीगढ़ स्टेशन के अलावा महरावल, कुलवा, सोमना, डाबर आदि स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। गौरतलब हो कि दैनिक रेल यात्री संगठन लंबे समय से ट्रेन संचालन की मांग करता आ रहा है।
वहीं, सांसद सतीश गौतम भी रेल मंत्रालय को पत्र भेजकर बंद ट्रेनों के संचालन की मांग कर चुके हैं। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे संकल्पित है, बंद पड़ी ईएमयू ट्रेनों के संचालन की तैयारी की जा रही है।