न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जिला स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के रिक्त पदों पर संविदा पर भरती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत शुक्रवार को इंटरव्यू के पहले दिन संविदा के 67 पदों के लिए मात्र 30 आवेदन आए। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने उनके आवेदन प्राप्त कर इंटरव्यू भी लिए। अब शनिवार को चयन समिति इनकी तैनाती पर निर्णय लेगी।
पिछले दिनों डिप्टी सीएम के समक्ष जिले में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा रखा गया था। इसी के तहत शासन स्तर से 67 संविदा डॉक्टरों की तैनाती की अनुमति मिली है। इसी के तहत शुक्रवार को इंटरव्यू के लिए आवेदन मांगे गए थे। इन पदों पर मात्र 30 आवेदन ही आए। इस दौरान विकास भवन में अपर निदेशक डा. वीके सिंह, डीआरडीए के परियोजना निदेशक भालचंद्र त्रिपाठी, सीएमओ डा. नीरज त्यागी की तीन सदस्यीय समिति ने आवेदन प्राप्त कर साक्षात्कार किए।
अब शनिवार को इनके चयन पर निर्णय होगा। सीएमओ डा. नीरज त्यागी ने बताया कि मातृ स्वास्थ्य कार्यक्त्रस्म के तहत चार, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में छह, राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत तीन, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एक, राष्ट्रीय पैलएटिव केयर कार्यक्रम में एक, एनपीसीडीसीएस में चार, रक्तकोष सुदुढीकरण एक, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में एक बाल रोग विशेषज्ञ, जिला स्तरीय अस्पतालों में आठ चिकित्सकों की भर्ती होगी।