कोरोना वायरस का भयावह रूप अब दिखने लगा है। एक दिन के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। आज सर्वाधिक 151 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें 96 युवा हैं और जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच है। जनपद में अब संक्रमितों की संख्या 3734 तक पहुंच गई है। 2521 लोग ठीक हो गए हैं, जबकि 1184 सक्रिय मरीज हैं। आज 80 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं।
अब तक एक दिन में सर्वाधिक 124 मरीज सामने आए थे। ऐसा दो बार हुआ है। बुधवार को जेएन मेडिकल कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। होम आइसोलेशन की अनुमति मिलने के बावजूद नए मरीजों के लिए बेड का इंतजाम करने की चिंता सताने लगी है। संक्रमित मरीजों में 45 बीएन पीएसी के 13, पावना इंडस्ट्री के 12 और बहादुरपुर शाहगढ़ थाना अकराबाद के 11 लोग शामिल है।
यूपीएचसी पुष्प विहार के 6, लालडिग्गी जजेज कंपाउंड के 5, जेएनएमसी के 8, फायर बिग्रेड के 4, जेल रोड आवास विकास कॉलोनी के 3, अशोक ऑटो सेल्स के 3, गूलर रोड के 3, विद्यानगर विष्णुपुरी के 3, पुलिस लाइन के 3 और डीएम ऑफिस का एक व्यक्ति संक्रमितों में शामिल है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि लक्षण के आधार पर संक्रमित मरीजों को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती एवं होम आइसोलेट किया जा रहा है। उनके परिजनों को क्वारंटीन कर नमूना लिया जा रहा है। संपर्क में आए लोगों का भी नमूना लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से मास्क का प्रयोग करने, दूरी बनाकर रहने एवं बार-बार हाथ धोते रहने की अपील की है, ताकि कोरोना संक्रमण के चेन को तोड़ जा सके।