थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम खेत में काम कर रहे अपने पिता को खाना देने गई किशोरी को पड़ोस के एक गांव के युवक ने जबरन खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया है। किशोरी के परिजनों ने थाने में इसकी तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
किशोरी के भाई ने तहरीर में बताया है कि बृहस्पतिवार को उसके पिता खेत में काम कर रहे थे। शाम को छह बजे के लगभग उसकी 17 वर्षीय बहन पिता को खाना देकर घर लौट कर आ रही थी। इसी दौरान पड़ोस के गांव के कन्हई नाम के एक युवक ने उसे रास्ते में घेर लिया।
युवक उसे जबरन खींचकर सरसों के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। परिवार के लोगों ने खेत पर पहुंच कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह फसलों में छिपकर फरार हो गया। उसके बाद किशोरी के परिजनों ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को दी।
दुष्कर्म की सूचना पर आनन फानन थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किशोरी व परिजनों से मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार त्यागी ने बताया है कि तहरीर के आधार पर आरोपी कन्हई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी को डाक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। आरोपी की तलाश की जा रही है।