प्रदेश में राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह करने में गौतमबुद्ध नगर पहले और गाजियाबाद दूसरे नंबर पर है। इसके बाद अलीगढ़ राज्य में तीसरे नंबर पर आ गया है।
अलीगढ़ जोन ने चालू वित्तीय वर्ष (2024-25) में निर्धारित लक्ष्य 3232.89 करोड़ रुपये के सापेक्ष अब तक 2151.83 करोड़ रुपये की वसूली की है। यह पिछले वर्ष हुई वसूली से 13.21 प्रतिशत अधिक है।
वित्तीय वर्ष के शेष छह दिनों में करीब 1100 करोड़ रुपये की वसूली विभाग के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण है। विभागीय अधिकारी कहते हैं कि गत वर्ष के मुकाबले इस वित्तीय वर्ष में लक्ष्य बहुत बढ़ा दिया गया था। पिछले वित्तीय वर्ष (2023-24) में 1985.97 करोड़ रुपये का राजस्व वसूली लक्ष्य रखा गया था। जिसमें विभाग ने 1812.48 करोड़ रुपये की वसूली की थी। विभाग अब अलीगढ़ में सबसे अधिक जीएसटी अदा करने वाली टॉप-10 कंपनियों को सम्मानित करने जा रहा है।