रेलवे जंक्शन पर जेबकतरों ने आतंक मचा रखा है। तीन दिन के भीतर पांच यात्रियों को जेब कतरों ने शिकार बना लिया है। रविवार को भी दो यात्रियों की जेब से मोबाइल फोन पार कर दिए। शनिवार की रात को संगम एक्सप्रेस में चोरी हो गई। वहीं शनिवार को दिन में एक यात्री की जेब से आरक्षित टिकट काउंटर के पास से 1.20 लाख रुपये पार कर दिए गए।
इससे पूर्व गुरुवार को एक यात्री की जेब से अनारक्षित टिकट काउंटर के पास से 15 हजार रुपये की रकम पार कर दी गई। इन वारदातों से यात्रियों में भय का माहौल है। जेब कतरे लगातार सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखा रहे हैं। आलम यह है कि सीसीटीवी कै मरों का खौफ भी अपराधियों में नहीं है। सीसीटीवी कैमरों में फुटेज भी कैद हो गए हैं। इसके बाद भी अपराधी सलाखों के पीछे नहीं आ पाए हैं।
टिकट लाइन में लगने के दौरान हो रहीं वारदात
रविवार को जितेंद्र कुमार पुत्र बनी सिंह निवासी सिररैला, मांठ, मथुरा इलाहाबाद जाने के लिए टिकट खरीदने को लाइन में लगे थे। इसी बीच किसी ने उसका मोबाइल उड़ा दिया। इसके बाद देर शाम को एक और यात्री महेंद्र कु मार पुत्र गिर्राज सिंह निवासी सिविल लाइंस, बरेली की जेब से एक मोबाइल फोन पार कर दिया।
वहीं, गुरुवार को अंबिका प्रसाद वर्मा निवासी गोंडा की जेब से भी 15 हजार रुपये की रकम पार टिकट लाइन में लगने के दौरान हुई थी। शनिवार को भी यात्री से 1.20 लाख रुपये की चोरी टिकट लाइन में लगने के दौरान ही हुई थी।
संगम एक्सप्रेस में चोरी
अनुराधा पुत्री रामआशीष निवासी नेवादा, गोपालपुर, मधुबन, मऊ अलीगढ़ जंक्शन से संगम एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। यहां गाड़ी लिंक बनने के लिए खड़ी थी। अनुराधा के अनुसार महिला कोच की सीट पर बैठने के दौरान आंख लग गई। इसी दौरान किसी ने पर्स पार कर दिया। पर्स में मोबाइल फोन और नकदी रखी थी। जीआरपी ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।