इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तर्ज पर अलीगढ़ प्रीमियर लीग (एपीएल) जून में होगी। लीग में आईपीएल के खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे। आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें एक टीम उद्यमी सुमित सराफ खरीदेंगे। एक टीम की कप्तानी रिंकू सिंह करेंगे। यह लीग अलीगढ़ स्पोर्ट्स एसोसिएशन और जादौन राइडर्स कराएगी।
जादौन राइडर्स के मालिक अर्जुन सिंह फकीरा ने सासनी गेट स्थित होटल गोल्ड लीफ में आईपीएल के सिक्सर किंग रिंकू सिंह के परिजनों के सम्मान समारोह में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक टीम को खरीदने के लिए सुमित सराफ ने रजामंदी दे दी है। अन्य टीयों के खरीदार भी संपर्क में हैं। क्रिकेटरों की बोली लगेगी। विजेता टीम को डेढ़ लाख रुपये और उप विजेता टीम को एक लाख रुपये का इनाम मिलेगा।
सुमित सराफ ने कहा कि जिस तरह से कबड्डी लीग में टीम खरीदी थी, उसी तरह क्रिकेट में भी एक टीम खरीदेंगे। जिले के उदयीमान क्रिकेटरों को निखरने का एक मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह ने अपनी बल्लेबाजी से अलीगढ़ का नाम रोशन किया है, उन पर हमें गर्व है। उनके परिजनों को सम्मानित करके उन्हें गौरव की अनुभूति हो रही है।
इसके बाद रिंकू सिंह के पिता खानचंद, मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह, भाभी आरती व बहन नेहा सिंह को सुमित सराफ, उनकी पत्नी आकांक्षा सराफ, माता लाजेश कुमारी ने फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। इस अवसर पर माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी, अतुल कुमार गुप्ता, अमित, शंकर सराफ, समीर वार्ष्णेय, होटल के निर्देशक शंभू दयाल वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।