क्रिकेट वर्ल्ड कप के इस रोमांचक माहौल में बहुप्रीतिक्षित अलीगढ़ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट 2019 बुधवार सेे अहिल्या बाई होल्कर स्टेडियम में शुरू हो रहा है। अमर उजाला और 112 साल की बुढ़िया की घुट्टी की ओर से आयोजित हो रहे इस रोमांचक क्रिकेट सीरीज का शुभारंभ जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह करेंगे। सुबह साढ़े आठ बजे से पहला उद्घाटन मैच बाबम वारियर्स और आर्गनन मास्टर्स के बीच खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में आईपीएल की तर्ज पर आठ टीमें चुनी गई हैं। जिनको चयन के बाद दो ग्रुप में बांटा गया है। इन दो ग्रुपों के बीच में कुल 12 मैच खेले जाएंगे। जिसके बाद चार टीमें सेमी फाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल में जीती हुई दो टीमों के बीच 12 जुलाई को फाइनल मैच खेला जाएगा। टी-ट्वेंटी की तर्ज पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में हर मैच 20-20 ओवर का होगा। इस प्रीमियर लीग में अलीगढ़ में पहली बार थर्ड अंपायर रिव्यू सिस्टम रखा जा रहा है। जिससे हर एक निर्णय सटीक हो सकेगा। टूर्नामेंट में मुख्य प्रयोजक 112 साल की बुढ़िया की घुट्टी हैं। इसके साथ ही एक दर्जन से अधिक सहयोगी प्रयोजक कंपनियां हैं जो इस प्रीमियर लीग में बढ़ चढ़ कर सहयोग कर रही है।