खैर थाने के अहरौला गांव में वारंटी हिस्ट्रीशीटर महावीर को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर परिजन व अन्य लोगों ने हमला बोल दिया। परिजनों ने धक्का-मुक्की और पथराव किया। एसआई के हाथ में चोट आई और कांस्टेबल घायल हो गया। लेपर्ड बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
खैर के गांव अहरौला में वारंटी हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर परिजनों और अन्य लोगों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले में उपनिरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की लेपर्ड बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले में छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीन को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
क्राइम इंस्पेक्टर इफ्तिखार अली ने बताया है कि बुधवार की शाम शिवाला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकुर कुशवाहा, कांस्टेबल मुकेश बाबू, अनुज कुमार और आकाश गांव अहरौला निवासी महावीर पुत्र लख्मीचंद को गिरफ्तार करने पहुंचे थे। महावीर थाना स्तर का हिस्ट्रीशीटर है। वह मुकदमा संख्या 547/11 में वारंटी था। आरोप है कि पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो घर पर मौजूद आकाश पुत्र रमेश चंद्र, बनी सिंह पुत्र रोशन, पवन, विकास पुत्र बनी सिंह, अरुण पुत्र केसरी राम और महावीर ने विरोध शुरू कर दिया।
सभी ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए पथराव कर दिया। इसमें उपनिरीक्षक अंकुर कुशवाहा के हाथ और कांस्टेबल आकाश को चोट लगी है। पथराव से लेपर्ड बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिसकर्मियों ने मौके से निकलकर अतिरिक्त बल को सूचना दी।
विज्ञापन
पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने आकाश, पवन और बनी सिंह को दबोच लिया। महावीर, विकास और अरुण फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। क्षेत्राधिकारी खैर अभिषेक पटेल ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है। आकाश की हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई भी की जा रही है।
आकाश की भी खुलेगी हिस्ट्रीशीट
पुलिस की कार्रवाई अब केवल पथराव के मुकदमे तक सीमित नहीं रहेगी। क्षेत्राधिकारी के अनुसार आरोपी आकाश को महावीर का सहयोगी बताया गया है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।