महुआखेड़ा में पकड़ी गई अवैध शराब फैक्टरी के संबंध में बड़ा सुराग हाथ लगा है। इस फैक्टरी में बनने वाली नकली/जहरीली शराब की सप्लाई मेरठ-मुजफ्फरनगर तक होती थी। शराब माफिया वहां बिकने वाली मिस यूनिवर्स व मिस इंडिया ब्रांड की पैकिंग कर सप्लाई करते थे। अवैध शराब फैक्टरी में तैयार होने वाले माल को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। वहीं, फिर से आबकारी निरीक्षक की भूमिका संदिग्ध है। सवाल है कि इस फैक्टरी की भनक आबकारी निरीक्षक को कैसे नहीं लगी। कुछ विभागीय लोगों की ही मानें तो उनका कहना है कि यह पूरा खेल सांठगांठ से चल रहा था।
जहरीली शराब कांड में 109 मौतें होने के बाद जिले में अवैध शराब कारोबार का लगातार भंडाफोड़ हो रहा है। पुलिस ने थाना महुआखेड़ा क्षेत्र से अवैध शराब बनाने की फैक्टरी पकड़ी थी। इस फैक्टरी में 25 हजार का इनामी रामनिवास उर्फ राज, अभियुक्त रेशमपाल, पवन कुमार पुत्र श्यामबाबू, नीटू पुत्र सुरेश चन्द्र, विक्की पुत्र श्यामलाल निवासी रघुवीरपुरी थाना बन्नादेवी के साथ मिलकर अवैध देशी शराब तैयार करते थे। इस फैक्टरी से जिले में देशी शराब गुड इवनिंग ब्रांड के साथ ही मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़ सहित अन्य जनपदों में बिकने वाली मिस यूनिवर्स व मिस इंडिया ब्रांड की देशी शराब भी तैयार की जाती थी।
सभी आरोपियों के हैसियत प्रमाण पत्र होंगे निरस्त
इस कांड में मुख्य आरोपी शराब माफिया के हैसियत प्रमाण पत्र निरस्त करने का प्रशासन ने प्लान तैयार कर लिया है। शराब माफिया अनिल चौधरी, ऋषि शर्मा सहित अन्य के नाम से लाइसेंसी शराब दुकान भी थी, इन दुकानों के लाइसेंस के लिए हैसियत प्रमाण पत्र बने थे। इन सभी को निरस्त किया जा रहा है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के मुताबिक शराब माफियाओं के हैसियत प्रमाण पत्र निरस्त किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षकों के संबंध में भी रिपोर्ट तैयार हो रही है।
रामनिवास का सप्लायर अरुण दबोचा, बाकी की तलाश
अलीगढ़। रामनिवास से हुई पूछताछ के आधार पर जो नाम उजागर हुए हैं, उनमें अरुण नाम का सासनी गेट का सप्लायर पुलिस ने दबोच लिया है। उससे पूछताछ चल रही है। इसके अलावा उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में रामनिवास ने अपने कई सहयोगियों के नाम उजागर किए थे। जिनमें एक मुख्य सप्लायर अरुण निवासी सासनी गेट का नाम आया था। वह इस फैक्टरी से शराब लेकर रामनिवास के लिए ही देहात क्षेत्र में व शहर से सटे इलाकों के ठेकों व अवैध ठिकानों पर सप्लाई देता था। उसे पुलिस ने दबोच लिया है। इसके अलावा उसके अन्य सहयोगियों के विषय में जानकारी कर तलाश की जा रही है। इधर, एक टीम अनिल निवासी फरीदाबाद के पीछे सरगर्मी से लगी हुई है।