जहरीली शराब प्रकरण में बेसिक शिक्षा विभाग के धनीपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश महासचिव डॉ. राजेश सिंह चौहान को बयान देना भारी पड़ गया है। सांसद सतीश गौतम की शिकायत पर बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने राजेश सिंह चौहान से जवाब तलब किया है।
सांसद सतीश गौतम ने बीएसए को पत्र लिखकर अवगत कराया कि तीन जून को अमर उजाला अखबार में प्रकाशित खबर में डॉ. राजेश सिंह चौहान ने जहरीली शराब कांड की सीबीआई जांच कराने और दोषियों को बचाने वाले पर सख्त कार्रवाई करने का बयान दिया है। डॉ. राजेश सिंह चौहान उच्च प्राथमिक विद्यालय धनीपुर के सहायक अध्यापक हैं और क्षत्रिय महासभा में प्रदेश महासचिव के पद पर आसीन हैं। सांसद ने पत्र के माध्यम से पूछा कि क्या सरकारी सेवाएं देने वाले अधिकारी अथवा कर्मचारी इस प्रकार का बयान दे सकते हैं। सांसद के पत्र प्राप्त होने के बाद बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने डॉ. राजेश सिंह चौहान से जवाब-तलब किया है। बीएसए ने बताया कि जवाब प्राप्त होने के बाद इस प्रकरण में आगे निर्णय लिया जाएगा।