जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के दर्द पर सरकार ने मुआवजे का मरहम लगाया है। जिला प्रशासन के प्रयासों के चलते मात्र 15 दिन के भीतर कृषक दुर्घटना योजना के तहत शासन ने 64 मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये देने के लिए प्रशासन को 3.20 लाख रुपये जारी किए हैं। इस पैसे को आश्रितों को बतौर बैंक चेक दिया जाएगा।
जहरीली शराब कांड की मजिस्ट्रेटी जांच अधिकारी एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल ने बताया कि जिले में जिन लोगों की मौत शराब कांड में हुई थी। उनमें से 64 लोगों को जिला प्रशासन की के प्रयासों के चलते कृषक दुर्घटना योजना के तहत पांच-पांच लाख रुपये की धनराशि देने के लिए शासन ने 3.20 करोड़ रुपये भेज दिए हैं।
इनमें खैर तहसील के 33, कोल के 16 और गभाना के 15 मृतकों को शामिल किया गया है। वहीं, कुल मृतकों में पांच ऐसे भी सामने आए हैं, जिनके कोई वारिस नहीं है। इसके चलते उनका पैसा नहीं आया है। वहीं, सात मृतक ऐसे हैं, जो अन्य जिलों के थे। उनके संबंध में उनके संबंधित जिलों को लिखा गया है। उनके आश्रितों को देने के लिए अलीगढ़ प्रशासन को राशि नहीं मिली है। वहीं, शहरी क्षेत्र के होने के चलते 23 मृतकों के आश्रितों को पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिया गया है। इसमें 15 कोल और 8 आठ गभाना तहसील के मृतक शामिल हैं। इधर, ईंट भट्ठों के 16 श्रमिकों की मौत हुई थी, उनके आश्रितों को जिला प्रशासन की पहल पर 2-2 लाख रुपये भट्ठा मालिकों की ओर से बतौर सहायता राशि के तौर पर दिए जा चुके हैं।