जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी ऋषि और केमिकल कारोबारी विजेंद्र कपूर के मध्यस्थ के तौर पर सामने आए गौतम की तालानगरी स्थित नकली घी बनाने की फैक्टरी पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बीते सोमवार की रात को ही कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई के पीछे विभाग ने मुखबिरी को आधार बताया है। एफडीए की टीम को तालानगरी की फैक्टरी में छह से सात किलो नकली घी मिला था। इसके अलावा पॉम ऑयल के 20 खाली टिन, छोटे खाली डिब्बे मिले थे। यह फैक्टरी गौतम के बेटे लकी के नाम पर संचालित है। यहां से विभाग ने घी का नमूना भी भरा था, जिसे लखनऊ की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा है।
जिला अभिहित अधिकारी ने बताया कि फैक्टरी से खाली पॉम ऑयल के टिन मिलने से ही साफ हो गया था कि यहां नकली घी बनाने का अवैध धंधा किया जा रहा था। हालांकि किसी प्रकार से उसे कार्रवाई की भनक लग गई, जिसके चलते उसने नकली घी की बड़ी खेप को या तो कहीं छिपा दिया है या फिर नष्ट कर दिया है। सोमवार रात को हुई कार्रवाई के दौरान हरदुआगंज थाने की पुलिस भी साथ थी। विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई घी की जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी। अगर, घी मिलावटी पाया गया तो आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।