न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के गांधीपार्क क्षेत्र के नौरंगाबाद में बुधवार को जहरखुरानों ने एक ई-रिक्शा चालक को लूट लिया। जहरखुरान नशीली चाय पिलाकर उसका ई-रिक्शा व नकदी ले गए। फिलहाल अचेत हालत में मिले चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बन्नादेवी धोबीवाली गली निवासी मुस्तकीम बुधवार सुबह घर से ई-रिक्शा लेकर निकला था। गांधीपार्क बस स्टैंड से दो युवक उसे भाड़े पर गांधीपार्क ले गए। नौरंगाबाद में युवकों ने उसे नशीली चाय पिला दी।
इसके बाद मुस्तकीम अचेत हो गया और जहरखुरान ई-रिक्शा व जेब में रखे रुपये लेकर चंपत हो गए। कुछ देर बाद जब सड़क किनारे मुस्तकीम बेहोश पड़ा मिला तो राहगीरों ने पुलिस को खबर दे दी। फिलहाल युवक जिला अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार को होश आने पर उसने यह जानकारी दी।