अलीगढ़। शहर के चारों ओर जल्द ही गैस पाइप लाइन बिछनी शुरू हो जाएगी। बुलंदशहर से चल कर ये लाइन अलीगढ़ से हाथरस तक 125 किमी लंबा सफर तय करेगी। जिसमें 47 सीएनजी पंप और लगभग 1.43 लाख घरों को पीएनजी कनेक्शन मिलेगा। सितंबर 2022 तक घरों में गैस आपूर्ति पाइप लाइन से होने लगेगी। इसी बीच 15 से 20 सीएनजी पंप चालू हो जाएंगे। एक हजार करोड़ रुपये की इस योजना को पांच वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। इंडियन ऑयल-अडाणी ग्रुप इसको पूरा कर रहा है। गैस पाइप लाइन को बिछाने का काम बुलंदशहर के शिवाली से शुरू हो चुका है। इसके साथ ही अलीगढ़ में अडाणी ग्रुप की इंट्री हो जाएगी।
शहर में इस पाइप लाइन की शुरुआत अनूपशहर रोड से होगी। छतारी से जवां सिकंदरपुर, महेशपुर, हमदर्द नगर, जमालपुर, धौर्रा, इकरा कॉलोनी, कमिश्ररी होते हुए ये लाइन क्वार्सी चौराहा आएगी। क्वार्सी से एक लाइन तालानगरी होते हुए अतरौली चली जाएगी। जबकि मेन लाइन एटा चुंगी रोड के समानांतर से स्वर्णजयंती नगर, कुलदीप बिहार, संजय गांधी कॉलोनी से गांधीपार्क पुलिस थाने पहुंचेगी। यहां से जीटी रोड के सहारे भदेसी माफी होते हुए बाईपास पार कर सासनी-हाथरस जाएगी। वहीं भदेसी माफी से ही मेन लाइन मथुरा रोड बाईपास की ओर मुड़ेगी। जो शाहपुर कुतुब, शाहजमाल, देहलीगेट, बन्नादेवी-सारसौल से फलमंडी होते हुए महरावल जाएगी। सारसौल चौराहे से एक लाइन जीवन ज्योति हास्पिटल से मदन विहार, बरौला, फिरदौस नगर, अलीगढ़ किला रोड से होते हुए महेशपुरा की लाइन से मिल जाएगी।
गैस पाइप लाइन प्रोजेक्ट
1-1000 करोड़ रुपये में इंडियन ऑयल अडानी ग्रुप बना रहा प्रोजेक्ट।
2-1.43 लाख घरों में पीएनजी गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित।
3-47 सीएनजी पंप खोले जाएंगे अलीगढ़ हाथरस बुलंदशहर में।
4-125 किमी लंबी लाइन बिछ रही है बुलंदशहर-अलीगढ़-हाथरस में।
सस्ती और सुरक्षित है पीएनजी
1-पीएनजी तुलनात्मक रूप से एलपीजी से सस्ती, अगर किसी घर में एलपीजी सिलिंडर का महीने का खर्च 612 रुपये प्रति सिलिंडर है तो पीएनजी का खर्च लगभग 300 रुपये तक तक आएगा।
2-पीएनजी प्रदूषण रहित हल्की गैस है, जो हवा में मिल जाती है। प्रेशर बहुत कम रहने से ये गैस ज्यादा सुरक्षित है। जिससे रिस्क बहुत कम रह जाता है।
3-सितंबर 2021 तक अलीगढ़ में पीएनजी कनेक्शन मिलने शुरू होंगे। मार्च 2021 तक अलीगढ़ में 15 सीएनजी पंप चालू करने का लक्ष्य तय है।
मंडल के अलीगढ़ और हाथरस में पीएनजी और सीएनजी की शुरुआत हो रही है। अलीगढ़ में तीन पंप चालू है। शेष जल्द ही शुरू होंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। लोगों को अपेक्षाकृत सस्ता ईंधन मिलेगा। इससे घरेलू गैस का खर्च भी कम होगा। ये प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी के लिए एक अहम पड़ाव हैै। इस प्रोजेेक्ट को खाद्य उपायुक्त मदन यादव कोआर्डिनेट कर रहे हैं।
जीएस प्रियदर्शीं, मंडलायुक्त अलीगढ़ एवं चेयरमैन स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट लिमिटेड
बुलंदशहर के शिवाली से काम शुरू हो चुका है। ये पाइप लाइन अनूपशहर से अलीगढ़ में आएगी और यहां से हाथरस निकल जाएगी। लगभग 125 किमी लंबी मेन पाइप लाइन है। शहरों में लूपलाइन और घरों की लाइन बिछेगी।
-शिवांशु सिंघल सीनियर इंजीनियर, इंडियन ऑयल अडानी ग्रुप
अलीगढ़ में घरों के लिए पीएनजी गैस की आपूर्ति सितंबर 2022 तक शुरू होगी। मार्च 2021 तक लगभग 15 सीएनजी पंप चालू हो जाएंगे। तीनों जिलों में लगभग 47 सीएनजी पंप खोलने के साथ 1.43 लाख घरों को गैस की आपूर्ति की जाएगी।
आलोक कुमार गिरि, जियोग्राफिकल एरिया हैड इंडियन ऑयल अडानी ग्रुप।