अलीगढ़ नगर निगम का संपत्ति कर और जलकर बकाया होने के कारण एकमुश्त भुगतान का इंतजार कर रहे शहरवासियों को शासन ने एक और मौका दिया है। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की समय सीमा एक महीने बढ़ा दी गई है। अब बकायेदार 14 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदनों के अंतिम निस्तारण की तारीख भी बढ़ाकर 15 जनवरी 2027 कर दी गई है।
विज्ञापन
अलीगढ़ नगर निगम की सीमा में करीब 1.60 लाख मकान हैं। ऐसे में शासन के इस फैसले से बड़ी संख्या में भवन एवं जलकर बकायेदारों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके तहत भवनकर, जलकर, सीवरकर और जलमूल्य के बकाये पर निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार राहत दी जा रही है। पहले योजना में आवेदन की अंतिम तारीख 14 नवंबर निर्धारित थी, जबकि आवेदनों का निस्तारण 15 दिसंबर तक होना था।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि आवेदन की समय सीमा बढ़ा दी गई है। उन्होंने संपत्ति कर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक बकायेदारों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।