महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र में एएमयू सिटी स्कूल के पास मंगलवार को टप्पेबाजों ने बुलंदशहर की महिला से बातों में लगाकर जेवरात उतरवा लिए और उसके साथ ठगी कर चले गए। महिला को टप्पेबाज कागज के लिफाफे में कंकड़ थमा कर चले गए।
इस मामले में महिला अचलपुर अनूपशहर बुलंदशहर की उर्मिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह मसूदाबाद बस स्टैंड पर अनूपशहर की बस का इंतजार कर रही थी। तभी दो युवक उसे टिर्री में लिफ्ट देकर अपने साथ बैठाकर चल लिए। उन्होंने खुद को बैंककर्मी बताते हुए अनूपशहर जाना बताया।
सिटी हाईस्कूल के पास उसे सुरक्षा कारणों का हवाला देकर डराते हुए जेवरात उतरवा लिए और लिफाफे में कंकड़ थमा दिए। इसके बाद खुद गायब हो गए। जब उसने लिफाफा देखा तो दंग रह गई। पुलिस के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को तलाशा जा रहा है।