अभिषेक शर्मा, अलीगढ़।
शहर के 39 मोहल्ले और देहात क्षेत्र के 104 गांव डेंगू और मलेरिया के लिए अति संवेदनशील घोषित हैं। स्वास्थ्य विभाग के स्तर से इनकी सूची नगर निगम, जिला पंचायत राज अधिकारी को भेजकर यहां जलजमाव खत्म कराने से लेकर साफ-सफाई ऑर फॉगिंग की सिफारिश कर दी है।
कहने को तो नगर निगम ने फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए आठ नई मशीनें खरीद ली हैं लेकिन फॉगिंग कहां हो रही है, इसका पता नहीं। बात अगर देहात क्षेत्र की करें तो वहां अभी अभियान शुरू करने का इंतजार है। ये हालात तो तब हैं जब अगस्त का मध्य बीत गया और जिले में डेंगू केस मिलने शुरू हो गए हैं।
जिले के 104 गांव और 39 मोहल्ले पिछले वर्ष के हालात, इन इलाकों में गंदगी और जलजमाव को लेकर संवेदनशील घोषित किए हैं। नियम के अनुसार, गांवों में प्रधान के द्वारा और शहरी क्षेत्र में नगर निगम के द्वारा सफाई व एंटी लार्वा दवा छिड़काव किया जाना है।
स्वास्थ्य विभाग की सिफारिश के बाद नगर क्षेत्र में तैयारी के नाम पर आठ मशीनें खरीदकर फॉगिंग कराई जा रही है। इसकी सूचना हर दिन स्वास्थ्य विभाग को और नगर निगम अधिकारियों को दी जा रही है। मगर कहां फॉगिंग हो रही है, यह कुछ दिख नहीं रहा। इसकी कहीं कोई मॉनीटरिंग की व्यवस्था नहीं है, जबकि शहरी क्षेत्र में मच्छर लगातार प्रहार कर रहे हैं।
ये हैं शहर के हालात
शहर के कुंवर नगर, महेंद्र नगर, डोरी नगर, पला साहिबाबाद, आगरा रोड, मथुरा रोड, तुर्कमान गेट, नगला मसानी, इंदिरा नगर, खैर रोड, शाहजमाल, जमालपुर, जलालपुर, जीवनगढ़, क्वार्सी बाईपास के देवी नगला कयामपुर के इर्द-गिर्द गंदगी और जलजमाव से हाल बेहाल है।
- 12 सीएचसी से जुड़े 104 गांव हैं संवेदनशील
- शहर के 20 प्रमुख मोहल्ले भी घोषित संवेदनशील
ग्राम प्रधान बोले
- मौसम बदल गया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गांवों में जल्द ही फॉगिंग और डीटीटी का छिड़काव कराया जाएगा। - अशोक कुमार, प्रधान पहाड़गढ़ी, अतरौली।
- मौसम बदलते ही मच्छरों प्रकोप बढ़ रहा है। गांव में फॉगिंग व डीटीटी के छिड़काव के लिए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया जा रहा है। - उदयवीर सिंह, प्रधान दताचोली बुजुर्ग, बिजौली
- फॉगिंग के लिए सरकारी आदेश तो नहीं मिला है। फिर भी ग्रामीणों को राहत देने के लिए फॉगिंग की बेहद जरूरत है। जल्द ही ये कार्य कराए जाएंगे।- मनोज कुमार नोअरी, अतरौली
- गांवों में फॉगिंग और डीटीटी के छिड़काव की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग और ब्लॉक में इसके छिड़काव की योजना बना रहे हैं।- अमित कुमार, प्रधान गांवखेड़ा अतरौली
- जिला व ब्लॉक स्तर पर टीमें लगातार सर्वे कर रही हैं। लार्वा रोधी कार्रवाई जारी है। नगर निगम स्तर से हमें शहर में फॉगिंग करना बताया जा रहा है। - डॉ. राहुल कुलश्रेष्ठ, जिला मलेरिया अधिकारी
- मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए गांव में सप्ताह भर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फागिंग कराई जाएगी। - धनंजय जायसवाल, डीपीआरओ
- नगर निगम की टीमें लगातार फॉगिंग कर रही हैं। बाकायदा एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिस पर उन्हें अपनी फोटो व लोकेशन तक देनी होती है। - अहसान रब, मीडिया सहायक, नगर निगम
संवेदनशील गांवों में बनाईं रक्तपट्टिकाएं
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को जोनल एंटोमोलॉजिस्ट मीना राजपूत संग अतरौली के डेंगू संवदेनशील ग्राम चौमुआ में शिविर का आयोजन किया गया। जहां टीम द्वारा हाउस टू हाउस सर्वे किया। इस दौरान घरों के कूलरों में से मच्छरों के लार्वा के सैंपल एकत्र किए गए। इसके अलावा 12 गांवों में टीमों ने रक्त पट्टिकाएं भी बनाईं।