लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने बुधवार को वार्ड 31 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवास विकास कॉलोनी स्थित चंद्रशेखर पार्क में औषधीय पौधा बालम खीरा लगाया। सुभाष पार्क में भी गए।
सुबह में वार्ड 31 का निरीक्षण नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने किया था। वे चंद्रशेखर पार्क एवं सुभाष पार्क में भी गए थे। शाम में नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण भी दोनों पार्क में गए और निरीक्षण किया। सफाई, पेयजल व पथ प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। नाला सफाई एवं कूड़ा उठाने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने पार्कों की बाउंड्रीवाल ऊंची करने तथा सुचारू ड्रेनेज व्यवस्था के लिए नालियों के ऊपर के स्लैब को हटाने के निर्देश दिए। पार्क के निरीक्षण के बाद नोडल अधिकारी ने मदार गेट, सराय सुल्तानी रोड, हाथरस अड्डा, गांधी पार्क बस स्टैंड रोड, जीटी रोड कठपुला, घंटाघर रोड, लाल डिग्गी, अब्दुल्ला रोड, केला नगर चौराहा, मैरिस रोड, रामघाट रोड आदि मुख्यमार्गों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद नोडल अधिकारी ने नालियों की तलीझाड़ सफाई का निर्देश दिया, ताकि बारिश होने पर जलभराव न हो। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार, सहायक नगर आयुक्त राज बहादुर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवकुमार, मुख्य अभियंता कुलभूषण वार्ष्णेय, महाप्रबंधक जल सचिंद्र कुमार शर्मा आदि मौजूद थे।
कोरोना कंट्रोल रूम का निरीक्षण
नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण ने कलक्ट्रेट स्थित कोरोना कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उनके साथ जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह एवं एसएसपी मुनिराज जी भी थे। शिकायतों से संबंधित रजिस्टर का गहनता से परीक्षण किया। इसके साथ ही मरीजों के फालोअप की जानकारी ली। कंट्रोल रूम प्रभारी स्मृति गौतम से विस्तार से कंट्रोल रूम से संबंधित जानकारी ली।