अलीगढ़ के गभाना के गांव दौरऊ में बुधवार को मोबाइल फोन फटने से एक डेढ़ साल की बच्ची झुलस गई। बच्ची की मां काम में व्यस्त थी और उसने बच्ची को बहलाने के लिए उसके हाथ में फोन दे दिया था। ओवरचार्जिंग को इस हादसे के पीछे वजह बताया जा रहा है।
मासूम बच्चों के हाथ में मोबाइल देना कितना घातक साबित हो सकता है, यह घटना ऐसा करने वाले माता-पिता के लिए भी एक सबक है। क्षेत्र के गांव दौरऊ के रहने वाले सिंचाई विभाग के जिलेदार संतोष तिवारी ने बताया कि दोपहर के समय उनके बेटे राजमणि तिवारी की पत्नी सोनम तिवारी घर के काम में व्यस्त थी, तभी उनकी डेढ़ साल की नातिन जाह्नवी रोने लगी।
घर में उस समय परिवार के अन्य सदस्य नहीं थे, इसलिए बेटी को चुप करने के लिए चार्जिंग में लगे मोबाइल को निकालकर उन्होंने बेड पर ही बच्ची को कार्टून लगाकर देखने के लिए दे दिया, अचानक तेज आवाज के साथ मोबाइल की बैटरी फट गई।
इससे निकली चिंगारी से बेड के गद्दे और चादर ने आग पकड़ ली। मां ने बच्ची को बेड से उठा लिया लेकिन तब तक उसके पैर झुलस गए थे, अन्य लोगों ने बेड पर लगी आग पर काबू पाया। बच्ची का एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया। सौभाग्य से बच्ची को ज्यादा चोट नहीं आई है, लेकिन घटना से परिवार के लोग सहम गए।
इन कारणों से फटता है मोबाइल फोन
- बैटरी अधिक गर्म होने के कारण उसका तापमान एक सीमा से ऊपर चला जाता है और इससे रासायनिक प्रतिक्रियाएं होती हैं।
- नकली या बिना सर्टिफिकेशन वाले चार्जर बैटरी को उसकी क्षमता से अधिक करंट दे देते हैं, जिससे बैटरी फूल जाती है।
- असली चार्जर का इस्तेमाल करें और बैटरी को 30 से 80 प्रतिशत तक चार्ज रखें, पूरी चार्जिंग खत्म होने का इंतजार न करें।
- हमेशा बैटरी का कवर हटाकर, सपाट सतह पर रखकर ही मोबाइल फोन को चार्ज किया जाए, फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें।
- फोन बनाते समय आईं खामियां और बैटरी के डिफेक्ट, शॉर्ट सर्किट और फोन गिरने से आई खराबी से भी बैटरी फट जाती है।
- भारी गेमिंग या चार्जिंग के दौरान लगातार इस्तेमाल से प्रोसेसर और बैटरी दोनों गर्म हो जाते हैं, जिससे बैटरी फट जाती है।
क्या करें
- चार्ज करते समय न तो फोन कॉल करें और न ही वीडियो देखें या गेम खेलें। इससे बैटरी पर दोहरा दबाव पड़ता है।
- ओवरचार्जिंग से बचने के लिए फोन को पूरी रात प्लग इन करके न छोड़ें। बैटरी फूलने पर नजर अंदाज न करें, उसे बदलवा लें।
मानसिक रोग बन रहा फोन
- मोबाइल मानसिक रोगी बना रहा है। बच्चों को व्यस्त रखने के लिए मोबाइल दे दिया जाता है, जो ठीक नहीं है। अगर दो से ढाई घंटे तक बच्चे मोबाइल पर कार्टून या फिल्म देखते हैं, तो उन्हें मनोवैज्ञानिक के पास ले जाने की जरूरत है। बच्चों को मोबाइल से दूर रखा जाए। आठ घंटे तक लोग मोबाइल इस्तेमाल कर रहे हैं। हर दो मिनट पर लोगों की नजरें मोबाइल पर जाती हैं, जिसका मतलब है कि मोबाइल के लत में लोग फंसते जा रहे हैं।-प्रो. शाह आलम, अध्यक्ष, मनोविज्ञान विभाग, एएमयू
खराब फोन से खतरा ज्यादा
- मोबाइल फटने की वजह बैटरी खराब और फूली हो सकती है। चाइनीज मोबाइल की बैटरी शॉर्ट सर्किट के चलते फट सकती है। इसलिए कोशिश होनी चाहिए ब्रांडेड मोबाइल का इस्तेमाल करना चाहिए। मोबाइल जब चार्ज होते हैं, तब उसकी बैटरी गर्म हो जाती है। गर्मी की वजह से बैटरी और गर्म हो जाती है, जिसमें तकनीक दिक्कतें आने से बैटरी फट जाती है। मोबाइल को चेक भी करते रहना चाहिए। -डॉ. मोहम्मद आसिफदौला, असिस्टेंट प्रोफेसर, इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग एएमयू