कस्बा के एक गांव में चल रहे प्रेम प्रसंग में प्रेमी ने प्रेमिका को भगाकर ले जाने से इंकार करने पर प्रेमिका ने विषाक्त खाकर जान दे दी। किशोरी अपनी व प्रेमी के साथ मारपीट किये जाने से भी क्षुब्ध थी।
बता दें कि सोफा चौकी अंतर्गत एक गांव निवासी किशोरी का अपने पड़ोस में रहने वाले किशोर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही कॉलेज में इंटर व हाईस्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। बातचीत से शुरू हुई बात इतनी बढ़ गई कि दोनों छिपकर एक दूसरे से मिलने लगे। कुछ दिन पूर्व इस बात की भनक किशोरी के भाई को लग गई थी। उसने मंगलवार को प्रेमी को रास्ते में पकड़ लिया और मारपीट कर दी। भाई की हरकत प्रेमी ने किशोरी को बताई थी। जिस पर किशोरी नाराज हुई और बुधवार की सुबह प्रेमी के घर पहुंच गई।
उससे कहा कि उसे कहीं लिवा ले जाये और वह शादी कर एक दूसरे के साथ रहेंगे। लेकिन प्रेमी ने इस तरह ले जाने से इंकार कर दिया। किशोरी के प्रेमी के घर पहुंचने की बात भी उसके परिवार वालों को पता लग गई। जिस पर उन्होंने किशोरी के साथ मारपीट की। इस बात से क्षुब्ध किशोरी ने बुधवार की दोपहर विषाक्त का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ी तो परिवार वाले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गये थे। वहां से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई। मामले में एसएसआई खैर ने अनभिज्ञता जताई है।