कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने अपने पिता पर अश्लीलता करने और देह व्यापार कराने के लिए एक व्यक्ति के साथ मौखिक शादी करा देने का आरोप लगाया है। उसने इस कृत्य में अपनी सौतेली मां की सहभागिता का भी आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर इन सभी आरोपियों के खिलाफ बुधवार को खैर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
पीड़ित युवती का आरोप है कि उसके पिता के जुल्म और उत्पीड़न के कारण उसकी मां की मौत हो चुकी है। इसके बाद शराबी पिता ने एक विवाहित महिला से शादी कर ली। वह महिला अपने बच्चों के साथ आकर उसके घर पर रहने लगी। एक दिन मौका पाकर पिता और सौतेली मां ने नहाते समय उसके फोटो खींच लिए।
इसके बाद उन फोटो को दिखाकर पिता उसे ब्लैकमेल करते हुए अश्लीलता करने लगा। युवती ने आरोप लगाया कि कुछ महिलाओं के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर उसका पिता और सौतेली मां अन्य महिलाओं के फोटो वायरल करते हैं।
युवती के अनुसार उसके पिता व सौतेली मां ने देह व्यापार कराने के लिए उमाशंकर नाम के एक व्यक्ति के साथ उसकी जबरन मौखिक शादी करवा दी। उसके पास से किसी तरह वह भाग आई और कोतवाली में शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
28 सितंबर को खेत पर जाते समय पिता, सौतेली मां, उमाशंकर आदि ने पकड़ लिया। मारपीट कर उसे उमाशंकर के साथ भेजने की कोशिश की। किसी तरह वहां से भागकर वह अपने मामा के घर चली गई। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हो गई है।