ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को प्रधान व सचिव समय से भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऐसे ही तीन मामलों में शिकायत के बाद डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने ग्राम पंचायत सचिवों का वेतन रोक दिया है। इन्हें नोटिस देकर जवाब भी मांगा गया है।
शासन ने ग्राम पंचायतों में प्रधान एवं सचिव के सहयोग के लिए पंचायत सहायकों की भर्ती की है। वे गांव के विकास का लेखा-जोखा तैयार करते हैं। कई पंचायत सहायकों को तीन-चार माह से मानदेय नहीं मिला है। डीपीआरओ ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी शशि कुमार, आकाश अग्रवाल एवं भूदेव सिंह का वेतन रोक दिया गया। तीनों पर संबंधित पंचायतों के सहायकों का मानदेय न देने का आरोप है। इन्हें नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया है। संवाद