बरौली विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के बागी व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी से दावेदारी करने वाले हेमवंत सिंह चौहान के खिलाफ छह माह के लिए जिला बदर की कार्रवाई की गई है। हेमवंत के अलावा निर्दलीय अनार सिंह वर्मा, विनीत कुमार, केशव सिंह बघेल व पवन शर्मा के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल के न्यायालय में हुई सुनवाई के बाद सोमवार को इसका आदेश जारी किया गया है।
कोतवाली खैर के बामौती गांव के निवासी हेमवंत सिंह चौहान काफी लंबे समय से भाजपा में सक्रिय थे। वे बरौली विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी कर रहे थे। चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट न देकर पूर्व मंत्री ठा. जयवीर सिंह को टिकट दे दिया। इसके बाद हेमवंत चौहान भाजपा से बागी हो गए। उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से बरौली से दावेदारी कर दी। 24 जनवरी को नामांकन पत्र की जांच में प्रस्तावकों की संख्या पूरी न होने पर हेमवंत का नामांकन निरस्त कर दिया गया। हेमवंत के अलावा निर्दलीय अनार सिंह वर्मा, विनीत कुमार, केशव सिंह बघेल, पवन शर्मा, राष्ट्रीय क्रांति पार्टी की शशि राजपूत समेत छह प्रत्याशियों के नामांकन भी अपूर्ण व खामियां मिलने पर निरस्त कर दिए गए। नामांकन निरस्त हो जाने वाले सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ डीएम आवास पर पहुंच गए। यहां उन्होंने करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन करने के साथ ही जमकर हंगामा काटा था।
हेमवंत ने प्रशासन पर जानबूझकर नामांकन निरस्त करने का आरोप लगाया था। राष्ट्रीय क्रांति पार्टी की शशि राजपूत ने डीएम की गाड़ी को रोक लिया था। इस मामले में सिविल लाइंस थाने की पुलिस ने हेमवंत के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 188, 269,270, 271, 283,341, महामारी अधिनियम की धारा 3 व आपदा प्रबंधन की धारा 51 आदि के तहत शशि राजपूत, हेमवंत सिंह चौहान आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। हेमवंत पर चुनाव में वोटरों को धमकाने का भी आरोप है।
गुंडा एक्ट की कार्रवाई की संस्तुति
नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद डीएम आवास पर धरना-प्रदर्शन एवं हंगामे को लेकर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मुकदमे को आधार बनाते हुए गुंडा एक्ट की कार्रवाई की संस्तुति की गई। एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल के न्यायालय से हेमवंत के खिलाफ गुंडा एक्ट एवं कारण बताओ का नोटिस जारी किया गया। खैर पुलिस के जरिए पैतृक गांव बामौती में आदेश तामील कराया गया। हेमवंत सिंह चौहान को एडीएम सिटी न्यायालय में पेश होने का आदेश जारी किया गया था। एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि सोमवार को इस प्रकरण में न्यायालय में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों को सुनने के बाद हेमवंत सिंह चौहान, अनार सिंह वर्मा, विनीत कुमार, पवन शर्मा व केशव सिंह बघेल के खिलाफ छह-छह माह के लिए जिला बदर करने की कार्रवाई की गई है। जबकि राष्ट्रीय क्रांति पार्टी की प्रत्याशी शशि राजपूत के मामले में अभी सुनवाई जारी है।