बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान के सर्वे के आदेश हो गए हैं। डीएम सेल्वा कुमारी जे के निर्देश पर एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल की ओर से सोमवार शाम को यह आदेश जारी हुआ। जिले की खैर, कोल, इगलास, अतरौली व गभाना के एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वह बारिश से प्रभावित फसलों में नुकसान की रिपोर्ट 24 घंटे में उपलब्ध कराएं। प्लाट टू प्लाट सर्वे किया जाए। इस कार्य में कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। तहसीलों से रिपोर्ट मिलने के बाद प्रशासन इसे शासन में भेजेगा। वहां से नुकसान के हिसाब से मुआवजा राशि तय होगी। एडीएम वित्त ने बताया कि बारिश के चलते फसलों में नुकसान की सूचना पर सर्वे के आदेश कर दिए हैं। सभी तहसीलों से रिपोर्ट आने पर शासन में भेजी जाएगी। वहां से जो भी आदेश मिलेंगे, उनका पालन किया जाएगा। ब्यूरो