महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र के धातु कारोबारी से सिंगापुर में हुई ठगी के मामले में पुलिस ने ऑपरेशन-420 के तहत तमिलनाड़ु से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को यहां लाकर न्यायालय के समक्ष पेशी के बाद जेल भेज दिया। कोरोना की पहली लहर के दौरान लॉकडाउन के बीच जब वर्क फ्रॉम होम चल रहा था, तभी भारत आए कारोबारी संग उनके पीछे से उनकी कंपनी के सहयोगियों ने ये ठगी की थी।
बन्नादेवी रघुवीरपुरी निवासी वैभव गुप्ता पुत्र उमेश गुप्ता का धातु का कारोबार है। उनकी एक कंपनी सिंगापुर में भी है। पिछले वर्ष लॉकडाउन के चलते वे अपने घर से ही काम कर रहे थे। लॉकडाउन खुला तो वे अपने पिता के इलाज में व्यस्त हो गए। इसी बीच वहां उनकी कंपनी के सहयोगियों ने 4 जनवरी 2021 उनके हस्ताक्षर युक्त चेकों की मदद से फर्जीवाड़ा कर साढ़े पांच करोड़ की ठगी कर ली। इस ठगी में तमिलनाड़ु के तीन कर्मचारियों के खातों में यह रकम ट्रांसफर हुई। वैभव को जब यह जानकारी हुई तो उन्होंने वहां की पुलिस को जानकारी दी। साथ में इन कर्मचारियों से संपर्क किया तो ये उन्हें धमकी देने लगे। इसी बीच उनके पिता ने यहां एसएसपी से मुलाकात की। बाद में काफी प्रयास के बाद तत्कालीन एसएसपी के निर्देश पर बन्नादेवी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने जांच करते हुए मुकदमे में चोरी व ठगी आदि की धाराएं बढ़ाई गईं। इधर, एसएसपी द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन-420 के तहत तीन आरोपियों रामा स्वामी, जीवा व मुरलीधरन निवासीगढ़ तमिलनाड़ु को उनके घर से गिरफ्तार कर यहां लाया गया और तीनों को न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।