थाना सिविल लाइन क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने कन्फेक्शनरी की दुकान में लूट की घटना को अंजाम दिया। साथ ही चॉकलेट और मक्खन के पैकेट भी बैग में डालकर ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जोहरा बाग-गालिब बाग के रहने वाले गुलाम अकबर की यहीं पर कन्फेक्शनरी की दुकान है। घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है। दुकान पर मास्क लगाए बाइक सवार दो बदमाश आए। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच लग रही है। बदमाशों ने दुकान में पहुंचकर इधर-उधर चहलकदमी की। इसके बाद बैग लेकर काउंटर पर पहुंच गए। तमंचे के बल पर नौकर अकरम पर दबाव बनाया और गल्ले में रखे 7000 रुपये लूट लिए। इसके बाद फ्रीजर में रखी कुछ महंगी चॉकलेट और मक्खन के पैकेट भी बैग में डाल लिए।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद दुकानदार ने शोर मचाया। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया। लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा। थाना सिविल लाइन के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार दुबे ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जल्दी बदमाश गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।