जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिष्ठित पद के लिए नामांकन शनिवार आज होंगे। जिलाधिकारी न्यायालय में होने वाले नामांकन के लिए गाइड लाइन जारी कर दी गई है। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी समेत 5 लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। जुलूस व रैली प्रतिबंधित रहेगी। निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी जिला पंचायत व डीएम चंद्र भूषण सिंह ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नाम निर्देशन न्यायालय जिलाधिकारी कक्ष संख्या 07 में 26 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन कक्ष में निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवार, प्रस्तावक, अनुमोदक, अधिवक्ता एवं एक अन्य सहित कुल 05 व्यक्ति ही आ सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने के समय किसी भी प्रकार का जुलूस या रैली पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है।
इसकी निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने बताया कि एसीएम द्वितीय अंजुम बी को तस्वीर महल चौराहा से कलेक्ट्रेट प्रवेश द्वार तक, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार को कलेक्ट्रेट परिसर एवं नामांकन प्रवेश द्वार तक एवं एसीएम प्रथम संदीप केला को एएमयू सर्किल एवं शमशाद मार्केट से पुराने कलेक्ट्रेट एवं नवीन गेट नंबर 02 का कार्यक्षेत्र आवंटित किया गया है। उन्होंने नामित सभी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन के समय उम्मीदवार एवं उनके साथ अनुमन्य व्यक्तियों के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों का प्रवेश एवं जुलूस आदि प्रतिबंधित करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें।
बताते चलें कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी विजय सिंह, सपा प्रत्याशी अर्चना यादव व रालोद प्रत्याशी राजकुमारी सिंह ने पर्चा खरीदा है। नामांकन के तुरंत बाद दोपहर तीन बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी।