फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बजट का समुचित सदुपयोग नहीं तो नपेंगे अधिशासी अधिकारी : डीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पंचायत, नगर पालिकाओं में उपलब्ध 15वें वित्त आयोग की धनराशि के समुचित सदुपयोग की कार्ययोजना तैयार हुई। डीएम ने स्पष्ट किया कि आवंटित बजट का यदि समयबद्धता के साथ जनहित में सदुपयोग नहीं हुआ तो अधिशासी अभियंता जिम्मेदार होंगे। धनराशि विकास कार्यों पर व्यय करने के लिए आवंटित की जाती है, न कि बैंक खातों में रखने के लिए। जनता के पैसों पर कुंडली मारकर बैठने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे।
विज्ञापन

बैठक में नगर निकायों के अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि शहरी निकायों को अब वित्तीय अनुदान के लिए केंद्र और राज्य पर निर्भर नहीं रहना पड़ता है। केंद्र सरकार की बड़ी पहल के बाद अब तय समय सीमा पर अनुदान राशि सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। इतने बड़े बदलाव के बावजूद बजट के इस्तेमाल को लेकर निकायों द्वारा अपेक्षित सुधार न किया जाना उचित नहीं है। शहरी निकायों को चाहिए कि वह प्राथमिकता तय करते हुए विकास कार्य कराएं। विशेषज्ञों के मतानुसार कोरोना की तीसरी लहर के आने की संभावना जताई जा रही है, ऐसे में संक्रमण से ग्रसित व्यक्तियों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निकायों के सीएचसी-पीएचसी पर समुचित व्यवस्थाएं होना जरूरी है। उन्होंने सभी नगर अध्यक्षों एवं अधिशासी अधिकारियों को विद्यालयों में कराए गए कायाकल्प की तर्ज पर सभी सीएचसी-पीएचसी का प्राथमिकता से कायाकल्प कराने को कहा। यह भी निर्देशित किया कि यदि निकाय क्षेत्र में कोई भी प्राथमिक विद्यालय विकास कार्यों से अछूता रह गया है तो कार्ययोजना तैयार कर उसका जीर्णोद्धार कराया जाए। अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अस्पतालों में होने वाले कार्यों के लिए वास्तविक प्रस्ताव तैयार करते हुए धरातल पर कार्य कराना सुनिश्चित करें। निकायों में जो भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं, कमेटी के माध्यम से उनकी जांच भी कराई जाएगी।
पास हुए प्रस्ताव
नगर पालिका खैर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सौंदर्यीकरण, जल निकासी एवं सड़कों का रखरखाव, नगर पालिका अतरौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सीसी रोड एवं नाली निर्माण, सीएचसी भवन की मरम्मत, शहरी स्वास्थ्य केंद्र के भवन की मरम्मत, जल निकासी एवं सड़कों का निर्माण, नगर पंचायत इगलास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्रीवाल एवं रंगाई-पुताई समेत अन्य निर्माण कार्य, नगर पंचायत विजयगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्रीवाल एवं रंगाई-पुताई, विद्यालय जीर्णोद्धार कार्य, नगर पंचायत जलाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्रीवाल समेत रंगाई-पुताई एवं अन्य कार्य, नगर पंचायत हरदुआगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत, रंगाई-पुताई एवं अन्य निर्माण कार्य, नगर पंचायत छर्रा में स्वास्थ्य केंद्र के जीर्णोद्धार समेत निर्माण कार्य। इसी प्रकार से नगर पंचायत बेसवां, जट्टारी, चंडौस, मडराक, कौड़ियागंज एवं पिलखना में स्वास्थ्य केंद्रों के जीर्णोद्धार समेत अन्य निर्माण कार्यों के लिए प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें